Pilibhit : मुठभेड़ के बाद गोमांस तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, दूसरा खेतों में भागा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार गोमांस तस्करों से घुंघचिहाई थाना पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस के रोकने का प्रयास करने पर तस्करों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें एक तस्कर पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा भाग निकला। पुलिस मामले में कार्रवाई में जुटी है। 

बता दें कि घुंघचिहाई थाना क्षेत्र के ग्राम मदारपुर में बीते दिनों 72 घंटे के भीतर गोकशी की दो घटनाएं सामने आई थी। गन्ने के खेतों में गोवंशीय पशु की हत्या कर तस्कर गोमांस ले गए थे। अवशेष मिलने पर पुलिस पहुंची थी।  अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई। विभिन्न संगठनों ने घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी। एसपी अभिषेक यादव ने तीन टीमें गठित कर खुलासे को लगाई थी। बताते हैं कि सोमवार रात घुंघचिहाई इंस्पेक्टर प्रकाश  सिंह, दरोगा सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल बंटी शर्मा, कांस्टेबल डब्बू बैसोया, शोभित कुमार आदि मदारपुर गांव के पास संदिग्धों की तलाश के लिए चेकिंग कर रहे थे।

इस दौरान बाइक सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया लेकिन उन्होंने वाहन दौड़ाना शुरू कर दिया। पुलिस के पीछा करने पर फायरिंग भी की गई।  हालांकि कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस ने भी सख्ती करते हुए कार्रवाई की। जिसके बाद एक आरोपी माधोटांडा थाना क्षेत्र के ग्राम डगा सुखदासपुर निवासी शामिल उर्फ चुनिया पुत्र भूरा पुलिस ने धर दबोचा। उसके पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर गन्ने के खेतों में होता हुआ भाग निकला। पुलिस ने घायल आरोपी का पूरनपुर सीएचसी में इलाज कराया। आरोपी शातिर गोमांस तस्कर है। बताते हैं कि मदारपुर गांव के पास उसी ने साथियों संग गोकशी की थी। फिलहाल पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। आरोपी पर पूर्व में भी गोकशी व आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई हो चुकी है।

संबंधित समाचार