UP: हिमांशु गिहार फर्जी एनकाउंटर मामले में सुनवाई टली
विधि संवाददाता, बरेली। शाहजहांपुर के छात्र हिमांशु गिहार के एनकाउंटर मामले में सोमवार को अंतिम बहस होनी थी, मगर स्पेशल जज एंटी करप्शन एक्ट कोर्ट-2 की कोर्ट में न तो अभियोजन सीबीसीआईडी और न ही मुल्जिम कटरा थाने के तत्कालीन एसओ दिनेश कुमार सिंह, सिपाही कमलेश, सुरेश व अंजनी पांडेय के वकील कोर्ट में पहुंचे।
अदालत ने पक्षगण के गैरहाजिर होने पर सुनवाई को 3 दिसम्बर की तिथि नियत की है। बीती तिथि पर 4 नवम्बर को मुल्जिमों के वकील ने स्थगन अर्जी दी थी जिस वजह से सुनवाई टल गयी थी। 6 जनवरी 2006 को फरीदपुर के गांव गुलाबनगर के पास शाहजहांपुर के मोहल्ला दिलजाक निवासी आर्डिनेंस फैक्ट्री कर्मचारी अशोक गिहार के बेटे 18 वर्षीय हिमांशु गिहार उर्फ टीटू का कटरा पुलिस ने फरीदपुर में फर्जी एनकाउंटर कर दिया था।
इस मामले में कटरा थाने के तत्कालीन एसओ दिनेश कुमार सिंह, सिपाही कमलेश, सुरेश व अंजनी पांडेय को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी। सीबीसीआईडी ने केस की जांच कर चारों आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्य जुटाकर चार्जशीट कोर्ट भेजी थी।
