Amethi News: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत, पुलिस ने शुरू की विधिक कार्रवाई
अमेठी, अमृत विचारः गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात बासुपुर टावर के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान फूलचंद (20 वर्ष) पुत्र रामखेलावन और राजकुमार (42 वर्ष) पुत्र रामलाल, दोनों निवासी पूरे मिस्र का पुरवा मऊ, के रूप में हुई है। फूलचंद की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि राजकुमार को स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची गौरीगंज पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की तलाश कर रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।
गौरीगंज कोतवाली प्रभारी श्याम नारायण पांडेय ने बताया, “देर रात हुए इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम को भेजे गए हैं और अज्ञात वाहन की छानबीन की जा रही है।”
