चंदौली में सरेराह दवाई कारोबारी पर तड़तड़ाई गोलिया... पैदल भागे हमलावर, इलाके की रेकी कर दिया घटना को अंजाम
चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली में मंगलवार देर रात मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड पर स्थित दवाई की दुकान के बाहर दवा कारोबारी रोहितास पाल उर्फ रोमी (45 वर्ष) की अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी। बुधवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पैदल ही धर्मशाला रोड की तरफ भागे गलियों में गुम हो गए। दुकान के एक कर्मचारी ने कुछ देर तक हमलावर का पीछा भी किया, लेकिन पकड़ने में कामयाब नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही नगर में हड़कंप मच गया। इस घटना को अंजाम देने वाले कितने हमलावर थे इसका अभी पता नही चला है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे मौके पर पहुंचे और घटना के बाबत पूछताछ की। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को लगा दिया गया है। दवा कारोबारी की हत्या की सूचना के बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। पुलिस धर्मशाला रोड में सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
बेहद ही मिलनसार स्वभाव के रोहितास पाल की हत्या किस वजह से की गई इसे लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही है। हालांकि घटना के तरीके से यह साफ है कि हमलावर अपराधी पेशेवर थे और उन्होंने पूरे एरिया की कायदे से रेकी भी की थी। उन्होंने घटना का वह वक्त चुना जब आमतौर पर भीड़ से पटा रहने वाला जीटी रोड के इलाके में चहलपहल कम हो जाती है।
दवा कारोबारी रोहितास दुकान बंद होने के बाद अपनी स्कूटी स्टार्ट कर रहे थे। ठीक उसी समय बदमाशों ने करीब जाकर उन्हें गोली मारी। गोली मारने की जानकारी उनके परिवार को लगी तो परिजन और अन्य व्यापारी उन्हें लेकर हाईवे स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। हालांकि, गोली लगने के कुछ देर बाद ही रोहितास ने दम तोड़ दिया था।
ये भी पढ़े :
'सभी मस्जिदों की तलाशी, अयोध्या आने वालों की हो स्पेशल मॉनिटरिंग', ध्वजारोहण से पहले बीजेपी नेता की मांग
