बाराबंकी में बड़ा हादसा : किराना दुकान और गुमटी जलकर खाक...लाखों का नुकसान, हादसे की दहशत में बेहोश हुई युवती
बाराबंकी, अमृत विचार। हैदरगढ़ सुबेहा मार्ग स्थित भटखेरा वार्ड में बीती मध्यरात्रि किराना दुकान में अचानक आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आकर दुकान में रखी लगभग 45 हजार रुपये की नकदी, करीब 5 लाख रुपये का किराना सामान तथा गैलरी में पड़ी चारपाई व बिस्तर जलकर राख हो गए।
इस हादसे में गनीमत रही कि समय रहते जाग जाने से दुकान मालिक की पुत्रियां बाल-बाल बच गईं। हालांकि दहशत के कारण बड़ी बेटी लक्ष्मी बेहोश हो गई, जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसे होश आ गया। कस्बा निवासी मनीराम यादव की यह दुकान सुबेहा रोड पर टैक्सी स्टैंड के पास स्थित है।
मंगलवार को मनीराम अंबेडकरनगर बारात में गए हुए थे और घर में उनकी पुत्रियां लक्ष्मी (20) व शशि (11) अकेली थीं। रात करीब 1 बजे पड़ोसी प्रवीण कुमार ने दुकान से धुआं उठता देख पुलिस व अग्निशमन दल को सूचना दी। बताया जाता है कि सोलर पैनल के जॉइंट बैटरी में शॉर्ट सर्किट से आग भड़की, जिसने देखते ही देखते दुकान व मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
अग्निशमन दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसी बीच कोतवाली क्षेत्र में ही दादूपुर गांव के बाहर एक गुमटी में अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा आग लगा देने का मामला भी सामने आया है। गुमटी मालिक रामनरेश रोजमर्रा के पान-मसाला, बच्चों की कॉपी-किताब आदि बेचकर जीविका चलाते हैं।
मंगलवार शाम दुकान बंद कर घर लौटने के बाद उन्हें आग लगने की सूचना मिली। जब तक वह मौके पर पहुंचे, गुमटी में रखा करीब 40 हजार रुपये का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। फायर ब्रिगेड ने आग बुझा दी, लेकिन तब तक गुमटी व सामान राख हो चुका था।
ये भी पढ़े :
यूपी पुलिस और SOG टीम की कार्रवाई : दो वांछित आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, लूट मामले मे वांछित थे आरोपी
