बाराबंकी : धान खरीद प्रक्रिया हुई सरल, डीएम बोले- छोटे किसानों को टोकन की जरूरत नहीं, हर हाल में खरीदा जाएगा धान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जनपद में 25 अक्टूबर 2025 से सरकारी धान खरीद जारी है। किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने धान खरीद प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी और किसान-हितैषी बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं।

डीएम ने स्पष्ट किया कि छोटे, सीमांत, महिला और दिव्यांग किसानों को किसी भी प्रकार के टोकन की आवश्यकता नहीं होगी। जिन किसानों की विक्रय मात्रा 30 कुंतल या इससे कम है, वह सीधे अपने नजदीकी सरकारी क्रय केंद्र पर धान बेच सकेंगे। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी किसान तौल केंद्र से वापस नहीं लौटेगा, उसका धान हर हाल में खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भुगतान प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि धान बिकने के बाद किसानों के बैंक खातों में 48 घंटे के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराते हुए एनपीसीआई मैपिंग अवश्य करानी होगी। जिन किसानों का धान गीला या असाफ है, उन्हें भी वापस नहीं किया जाएगा।

ऐसे किसान नजदीकी मंडी या चौपाल में धान को सुखाकर व साफ कर पुनः क्रय केंद्र पर बेच सकेंगे। जिलाधिकारी के इन निर्देशों से धान खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के साथ-साथ किसानों को सुविधाजनक और भरोसेमंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

संबंधित समाचार