Ayodhya: कलश यात्रा के साथ आज शुरू होगा ध्वजारोहण का अनुष्ठान, सरयू तट पर विशेष पूजा, 25 को PM मोदी होंगे शामिल
अयोध्या, अमृत विचार: श्रीराम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर अनुष्ठान गुरुवार 20 नवंबर को कलश यात्रा के साथ शुरू होगा। कलश यात्रा सरयू के कच्चा घाट से दोपहर दो बजे शुरू होगी। कलश यात्रा शुरू करने के पहले श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र पूजन हवन करेंगे। इसके बाद कलश यात्रा वहां से निकलेगी। सबसे आगे बैनर, फिर श्री राम मंदिर पर फिदायीन हमले में शहीद रमेश पांडेय के पुत्र मयंक पांडेय के साथ 151 वैदिक छात्र चलेंगे। इसके पीछे 551 महिलाएं कलश लेकर चलेंगी। यह यात्रा श्री राम मंदिर परिसर पहुंचेगी। इसके बाद अनुष्ठान शुरू किया जाएगा।
संदिग्ध लोगों की पहचान करने में करें सहयोग
रामनगरी में वीवीआईपी मूवमेंट को लेकरी बुधवार को अयोध्या कोतवाल मनोज कुमार शर्मा ने ई-रिक्शा ऑटो यूनियन के साथ बैठक की। उन्होंने ई-रिक्शा चालकों से अपील की कि वह संदिग्ध लोगों की पहचान करने में पुलिस का सहयोग करें। आश्वासन दिया कि ऐसी किसी भी संदिग्ध सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा और उन्हें पुरस्कृत भी किया जाएगा। इस दौरान कृष्णानंद फाउंडेशन ई-रिक्शा यूनियन का गठन भी किया गया। संस्थापक मुकुंद माधव त्रिपाठी ने बताया कि दीपक अग्रवाल को अयोध्या कैंट व रमेश चंद्र दूबे को दर्शन नगर का अध्यक्ष बनाया गया। सौरभ श्रीवास्तव को महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया। मौके पर विकास सिंह, शहजाद आलम, नारायण दूबे, राम लखन गुप्ता, शिवपूजन मिश्रा, साबिर भाई समेत अन्य ई रिक्शा चालक मौजूद रहे।
पीएम के दौरे को लेकर की बैठक
कमिश्नर राजेश कुमार, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने प्रधानमंत्री के 25 नवंबर के प्रस्तावित दौरे को सकुशल संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में बुधवार को बैठक की। कमिश्नर ने रेलवे, यातायात, परिवहन, अयोध्या सिटी बस ट्रांसपोर्ट के अधिकारियों के साथ समीक्षा की। जरूरी निर्देश दिया। बैठक में नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार सहित संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
डीएम ने किया एयरपोर्ट का निरीक्षण
जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह के साथ बुधवार को महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने पार्किंग व्यवस्था, साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूर्व कराने का निर्देश दिया। निरीक्षण में एडीएम वित्त एवं राजस्व, एयरपोर्ट डायरेक्टर, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
