संपादकीय : चेतावनी देती गड़बड़ी
इंटरनेट अवसंरचना प्रदान करने वाली दिग्गज कंपनी क्लाउडफ्लेयर में आई हालिया तकनीकी गड़बड़ी को केवल एक सामान्य तकनीकी व्यवधान मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह कंटेट डिलीवरी नेटवर्क दुनिया की 20 प्रतिशत वेबसाइट से सामग्री लेती और यूजर को देती है। वेबसाइट और यूजर के बीच ऐसे मध्यस्थ का काम करने वाले ऐसे प्लेटफार्म में, जिस पर दुनिया की हर पांचवी वेबसाइट आश्रित हो, इसी साल तीसरी बार बड़ी खराबी का होना, उसे घंटों बने रहना बताता है कि दुनिया का डिजिटल ढांचा कितनी नाज़ुक रीढ़ पर टिका हुआ है। क्लाउडफ्लेयर की लगातार गड़बड़ियों के दो प्रमुख कारण हो सकते हैं। पहला, अत्यधिक जटिलता, कंपनी की सेवाएं वैश्विक स्तर पर हजारों सर्वरों, डेटा-सेंटरों और नेटवर्क पॉइंट्स में फैली हैं, जिनका समन्वय किसी भी समय अत्यधिक संवेदनशील स्थिति में रहता है। दूसरा, तेजी से बढ़ते लोड और बदलती सुरक्षा चुनौतियों के चलते बैकएंड इंफ्रास्ट्रक्चर में लगातार बदलाव के चलते यह वैश्विक बाधा आई हो।
विडंबना ही कहेंगे कि दुनिया को तेज और सुरक्षित इंटरनेट देने का दावा करने वाली कंपनी को उसी की तकनीकी असुरक्षा या चूक, इंटरनेट की गति और सुरक्षा दोनों को प्रभावित कर देती है। इस व्यवधान का असर दुनिया भर में महसूस किया गया। भारत भी इससे अछूता नहीं रहा। कई डिजिटल भुगतान सेवाएं, समाचार वेबसाइटें, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, शिक्षा पोर्टल और ऐप कुछ समय के लिए बंद हो गए। भारत की तेजी से बढ़ती डिजिटल अर्थव्यवस्था में ऐसे झटके केवल असुविधा नहीं, बल्कि आर्थिक व्यवधान भी पैदा करते हैं। यदि इस तरह की गड़बड़ियां बार-बार और लंबे समय के लिए होती रहीं, तो न सिर्फ डिजिटल भुगतान और बैंकिंग व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होगी, बल्कि साथ ही क्लाउड-आधारित स्टार्टअप और आईटी सेवाएं असुरक्षित महसूस करेंगी, तो एआई आधारित सेवाओं पर निर्भर उद्योगों में उत्पादकता का संकट भी उत्पन्न होगा।
इस प्रकार की तकनीकी खराबी सिर्फ एआई प्लेटफॉर्म को ही प्रभावित नहीं करती, इंटरनेट की यह ‘रीढ़’ लड़खड़ाती है, तो डिजिटल भारत का पूरा ढांचा हिल जाता है, क्योंकि स्वास्थ्य सेवा, एयरलाइन रिजर्वेशन सिस्टम, ऑनलाइन शिक्षा, आपदा प्रबंधन प्लेटफॉर्म और सरकारी ई-सेवाएं भी ऐसे ही नेटवर्क संरचना पर निर्भर हैं। यूजर्स के पास इससे बचने के विकल्प अत्यंत सीमित हैं। सामान्य उपयोगकर्ता के लिए वैकल्पिक डिलीवरी नेटवर्क सिस्टम या फिर वीपीएन अस्थायी राहत दे सकते हैं, पर वास्तविक समाधान केवल कंपनियों के स्तर पर ही संभव है। व्यवसायों को भी ‘सिंगल प्वाइंट ऑफ फेलियर’ से बचने के लिए मल्टी-कंटेंट डिलीवरी नेटवर्क की रणनीति अपनानी होगी, जिसमें क्लाउडफ्लेयर के साथ अन्य नेटवर्क प्रदाताओं का बैकअप हमेशा मौजूद रहे। क्लाउडफ्लेयर को प्रतिष्ठा बचाने और आगे से ऐसा न हो, इसके लिए नेटवर्क आर्किटेक्चर की रेडंडेंसी बढ़ानी होगी, स्वचालित लोड-शिफ्टिंग और फेल्योर सिस्टम को अधिक सक्षम बनाना होगा।
