कानपुर : दामाद की पिटाई से ससुर की गई जान, हत्या का आरोप
पत्नी को भगा दिया था मायके, अचानक ससुराल पहुंचकर उसकी भी करता पिटाई
कानपुर, अमृत विचार। चकेरी में सिरफिरे दामाद ने घात लगाकर बुजुर्ग ससुर पर लोहे की राड से हमला कर मरणासन्न कर दिया। चीख-पुकार पर दौड़े लोगों को आता देखकर भाग निकला। परिजनों ने बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दामाद, उसके भाई और मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश में जुटी है।
सनिगवां स्थित कांशीराम कालोनी निवासी 65 वर्षीय राकेश अवस्थी की पान-मसाला की गुमटी है। परिवार में पत्नी शीला, बेटा राहुल हैं। शादीशुद बेटी नेहा में भी मायके में ही रहती है। राहुल ने बताया कि 2017 में नेहा की शादी चिश्तीनगर के मोनू पांडेय से हुई थी। शादी के एक माह बाद पता चला कि वह नशेबाज हैं। शराब पीकर बहन से आएदिन मारपीट करता था।
शादी के बाद एक साल भी बहन ससुराल में नहीं रही, उसने प्रताड़ित कर मायके भगा दिया था। उसकी हरकतों से परेशान होकर पिता ने उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी, जिससे पिता से खुन्नस मानने लगा था। मोनू ने 2018 से अब तक पिता पर करीब पांच बार जानलेवा हमला किया। दो बार राह चलते सिर पर ईंट मारी। बीच-बीच में अचानक घर पहुंचकर बहन को पीटकर भाग जाता था।
बीती 17 नवंबर को पिता गुमटी पर बैठे थे, तभी घात लगाकर लोहे की राड से हमला किया। राड से पीटकर पिता का हाथ तोड़ दिया। लोगों दौड़ाया तो जान की धमकी देकर भाग निकला। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को खबर दी और पिता को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उर्सला फिर कार्डियोलॉजी रेफर किया गया।
राहुल के अनुसार पिता के सीने पर लात मारने से आंतरिक चोटें आई थी। कार्डियोलॉजी में इलाज के दौरान 19 नवंबर को उनकी मौत हो गई। राहुल ने बताया कि मोनू, उसका भाई आशू और मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। राहुल ने पीटकर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। चकेरी पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरेापी की तलाश की जा रही है।
