आयुष्मान भारत योजना के फील्ड लेवल वर्कर्स के लिए जारी हुआ भुगतान... 61.44 लाख से 14,751 वर्कर्स को मिलेगा लाभ
लखनऊ, अमृत विचार : आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान योजना) के क्रियान्वयन में फील्ड लेवल वर्कर्स को उनका लंबित भुगतान जारी कर दिया गया है। स्टेट हेल्थ एजेंसी ने कुल 14,751 फील्ड लेवल वर्कर्स को 61 लाख 44 हजार की राशि रिलीज की है। यह भुगतान 1 दिसंबर 2023 से 13 नवंबर 2025 की अवधि के लिए उन वर्कर्स को किया गया है जिनकी बैंक विवरण एजेंसी के पास उपलब्ध थे।
साचीज एजेंसी की मुख्य कार्यपालक डॉ. अर्चना वर्मा ने गुरुवार को बताया कि जिन फील्ड लेवल वर्कर्स की बैंक जानकारी उपलब्ध नहीं थी, उनके विवरण अब मंगवाए जा रहे हैं। जानकारी प्राप्त होते ही सत्यापन कर शेष भुगतान भी जारी किया जाएगा। एजेंसी का स्पष्ट कहना है कि कोई भी पात्र वर्कर भुगतान से वंचित नहीं रहेगा। इसी प्रकार फील्ड लेवल वर्कर्स आयुष्मान भारत योजना के अंतिम चरण तक पहुँचने की रीढ़ हैं। ये घर-घर जाकर पात्र परिवारों की पहचान, गोल्ड कार्ड निर्माण, अस्पतालों में मार्गदर्शन, समुदायों में जागरूकता और उपचार के बाद फॉलो-अप जैसी ज़िम्मेदारियाँ निभाते हैं। इनके प्रयासों से ही यह विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना लाखों परिवारों तक पहुँच पा रही है।
स्टेट हेल्थ एजेंसी ने आश्वासन दिया कि फील्ड लेवल वर्कर्स का समय पर भुगतान उसकी प्रमुख प्राथमिकता है और इसके लिए सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं लगातार प्रगति पर हैं। आयुष्मान भारत योजना देश के गरीब एवं वंचित परिवारों को प्रति वर्ष रूपए 5 लाख तक का निशुल्क, कैशलेस उपचार उपलब्ध कराकर स्वास्थ्य सुरक्षा के नए मानक स्थापित कर रही है, और इसमें फील्ड लेवल वर्कर्स की भूमिका निर्णायक बनी हुई है।
मालूम हो कि फील्ड लेवल वर्कर्स आयुष्मान भारत योजना के अंतिम चरण तक पहुंचने की रीढ़ हैं। ये घर-घर जाकर पात्र परिवारों की पहचान, गोल्ड कार्ड निर्माण, अस्पतालों में मार्गदर्शन, समुदायों में जागरूकता और उपचार के बाद फॉलो-अप जैसी ज़िम्मेदारियाँ निभाते हैं। इनके प्रयासों से ही यह विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना लाखों परिवारों तक पहुँच पा रही है।
