विश्वस्तरीय जंबूरी की भव्य तैयारी, CM योगी ने लिया जायजा – 32,000 स्काउट्स का महासंगम
डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में 23 से 29 नवंबर तक आयोजन, पीएम करेंगे उद्घाटन
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वृंदावन कॉलोनी स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में 23 से 29 नवंबर तक होने वाले 19वें भारत स्काउट्स एंड गाइड्स जंबूरी की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं विश्वस्तरीय हों और प्रतिभागियों की सुविधा में किसी प्रकार की कमी न रहे। इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और समापन राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू करेंगी।
61 साल बाद उत्तर प्रदेश इस प्रतिष्ठित डायमंड जुबिली जंबूरी की मेजबानी कर रहा है, जिसे लेकर सरकार किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं चाहती। करीब 300 एकड़ में तैयार किए जा रहे जंबूरी परिसर में 32,000 स्काउट्स-गाइड्स, 3,000 स्टाफ तथा नेपाल, श्रीलंका, भूटान और अफगानिस्तान सहित एशिया-प्रशांत क्षेत्र के देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। मुख्यमंत्री योगी ने गुरुवार सुबह कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। स्काई साइक्लिंग और जिपलाइन एडवेंचर की तैयारियों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, स्काउट्स एंड गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त प्रभात कुमार आदि मौजूद रहे।
प्रतिभागियों की सुविधा के लिए 16 जर्मन हैंगर, 600 वाटर टैंक, 30 आरओ प्वाइंट, 2,200 से अधिक शौचालय, 100 किचन और चार केंद्रीय रसोईघर स्थापित किए जा रहे हैं। सुरक्षा और अनुशासन के लिए 3,500 क्षमता वाला कॉन्फ्रेंस हॉल, अस्थायी पुलिस स्टेशन और 11 फायर टेंडर तैनात रहेंगे। राज्य की संस्कृति, तकनीक और हस्तशिल्प को प्रदर्शित करने वाला विशाल प्रदर्शनी क्षेत्र इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगा, जिसमें ओडीओपी, रोबोटिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, नेडा का सोलर पवेलियन, प्लानेटेरियम और एआई जोन शामिल हैं। वाराणसी और बुंदेलखंड की सांस्कृतिक झलक व व्यंजन प्रतिभागियों को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना से जोड़ेंगे। प्रतिभागी अपने परिजनों से जुड़े रह सकें, इसके लिए परिसर में विशेष मोबाइल टावर भी लगाया जा रहा है।
सेवा, अनुशासन और नवाचार का संगम बनेगा जंबूरी
राष्ट्रीय जंबूरी में कौशल प्रशिक्षण, सामुदायिक जागरूकता, सांस्कृतिक प्रदर्शन, नेतृत्व निर्माण, प्रदर्शनी और आपदा प्रबंधन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन समिति के अनुसार, स्काउट–गाइड संगठन की सौ साल की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप युवाओं में अनुशासन, सेवा और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया जाएगा।
सात दिन रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
जंबूरी के दौरान वृंदावन योजना और डिफेंस एक्सपो ग्राउंड के आसपास 23 से 29 नवंबर तक ट्रैफिक में बड़े बदलाव किए गए हैं। पुलिस उपायुक्त (यातायात) कमलेश दीक्षित के मुताबिक कार्यक्रम स्थल के आसपास डायवर्जन लागू किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और आवश्यक होने पर ही आयोजन क्षेत्र में आएं। किसी भी समस्या की स्थिति में कंट्रोल रूम नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।
जंबूरी के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था
• सेक्टर-14 नहर पुल चौराहा-सेक्टर-19 (पिपरीखेड़ा) प्रतिबंधित। वैकल्पिक मार्ग: सेक्टर-12 नहर पुल, तेलीबाग, नहर रोड–कालिंदी पार्क मोड़।
• सेक्टर-19 (पिपरीखेड़ा)- सेक्टर-16 सपना इंन्क्लेव/सेक्टर-15 (कार्यक्रम स्थल) बंद। वैकल्पिक मार्ग: कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन रोड, सेक्टर-14 नहर पुल, उतरेठिया–शहीद पथ–सेक्टर-7सी–तेलीबाग।
• सेक्टर-16 (सपना इन्क्लेव)- सेक्टर-15/कार्यक्रम स्थल बंद। वैकल्पिक मार्ग: सेक्टर-19, ट्रामा सेंटर, सेक्टर-17, पीजीआई तिराहा।
• सेक्टर-18 (न्यू ट्रामा सेंटर)- सेक्टर-16/सेक्टर-19 बंद। वैकल्पिक मार्ग: सेक्टर-17 वृंदावन योजना, कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन रोड।
• सेक्टर-12- सेक्टर-15/कार्यक्रम स्थल बंद। वैकल्पिक मार्ग: ज्ञान सरोवर नहर पुल, चिरैयाबाग, तेलीबाग, नहर रोड–कालिंदी पार्क मोड़।
• ज्ञान सरोवर नहर पुल- सेक्टर-11/12/15 बंद। वैकल्पिक मार्ग: चिरैयाबाग, तेलीबाग, नहर रोड–कालिंदी पार्क मोड़।
• सेक्टर-08 अंडरपास- सेक्टर-10/15 बंद। वैकल्पिक मार्ग: उतरेठिया अंडरपास, उतरेठिया स्टेशन रोड या तेलीबाग।
• कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन–शिव मंदिर तिराहा- ट्रांजिट हॉस्टल/सेक्टर-18/कार्यक्रम स्थल बंद। वैकल्पिक मार्ग: सीएनजी पंप–मस्जिद तिराहा–हिमालयन अपार्टमेंट–सेक्टर-16 नहर पुल–पीजीआई।
• कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन गेट तिराहा- ट्रांजिट हॉस्टल बंद। वैकल्पिक मार्ग: बाबूखेड़ा–हिमालयन अपार्टमेंट–सेक्टर-16 नहर पुल–पीजीआई।
