133 वाहनों का हुआ चालान, 69 निरुद्ध... हवाई अड्डे पर निजी वाहनों के व्यावसायिक उपयोग पर विशेष अभियान
लखनऊ, अमृत विचारः उत्तर प्रदेश में 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था लक्ष्य की समीक्षा बैठक के दौरान डिलाइट संस्था की ओर से की गई प्रस्तुति में यह सामने आया कि राज्य के एयरपोर्ट पर अधिकांश यात्री प्राइवेट वाहनों के माध्यम से आवागमन करते हैं, जबकि इन वाहनों का व्यावसायिक प्रयोग हो रहा है।
इस पर कार्रवाई करते हुए अपर परिवहन आयुक्त (प्रवर्तन) ने निर्देश दिया कि एयरपोर्ट पर ऐसी निजी गाड़ियों की पहचान की जाए और उन्हें टैक्सी में परिवर्तित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इस अभियान के तहत चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दो शिफ्ट में तीन-तीन प्रवर्तन टीमों द्वारा वाहन जांच की जा रही है।
संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन प्रभात पाण्डेय ने बताया कि 17 से 20 नवंबर तक अभियान के दौरान कुल 707 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 133 निजी वाहन व्यावसायिक रूप से संचालित पाए गए। इन वाहनों में से 69 को थाने में निरुद्ध किया गया। सभी वाहनों को मुख्यालय के निर्देशानुसार टैक्सी में परिवर्तित करने की प्रक्रिया पूरी कराते हुए देय कर और प्रशमन शुल्क (जुर्माना) जमा कराए जाने के बाद रिलीज किया जाएगा। अब तक कार्यालय द्वारा 6 वाहनों को टैक्सी में परिवर्तित कराया गया है। इस अभियान का संचालन आभा त्रिपाठी, अनीता वर्मा, एसपी देव, खेमानंद पांडेय, आब्दीन अहमद कौशलेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा किया जा रहा है।
