इरफान सोलंकी के रिश्तेदार के टेनरी में लगी आग: शॉर्ट सर्किट से केमिकल भरा ड्रम हुआ खाक, अफरातफरी के बीच फायर फाइटर ने पाया काबू
कानपुर, अमृत विचार। शुक्रवार की सुबह जाजमऊ में एक टेनरी में भीषण आग लगी जिससे अफरातफरी मच गई। घटना होते ही कर्मियों ने टेनरी से बाहर भागकर अपनी जान बचाई। घटनास्थल पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कई घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। टेनरी पूर्व विधायक हाजी इरफान सोलंकी के रिश्तेदार की बताई जाती है। संजय नगर में ग्रांड एण्ड संस एवं महबूब एण्ड संस के नाम से टेनरी हैं जिसे जाजमऊ के डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले मोहम्मद आबिद और उनके भाई जावेद की बताई जाती है।
आबिद विदेश में रहते हैं लेकिन उनके भाई और परिवार के लोग टेनरी संचालित करते हैं। शुक्रवार को सुबह टेनरी ग्रांड एंड संस के एग्जास्ट फैन शॉर्ट सर्किट हुई और यहीं पर नीचे केमिकल से भरे ड्रम रखे थे। ड्रम पर चिंगारी गिरते ही पल भर में ही टेनरी धधकने लगी। आग की घटना होते ही टेनरी में काम करने वाले कर्मचारी भाग खड़े हुए।
बताते हैं कि सपा के पूर्व विधायक हाजी इरफान सोलंकी हादसे का शिकार हुई टेनरी मालिक आबिद के बहनोई हैं। टेनरी में आग लगने के कारण लाखों रुपए का माल और मशीनरी जलने से बर्बाद हो गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही जाजमऊ समेत कई कई फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
प्रमुख अग्निकांड
॰ 22 अक्टूबर: कंजरनपुरवा में बहुमंजिली इमारत
॰ 20 अक्टूबर: दबौली समेत कई स्थानों पर आग
॰ 12 नवंबर: बाकरगंज बाजार में 300 दुकानें राख
॰ 14 नवंबर: चिड़ियाघर के पास कार बनी शोला
॰ 18 नवंबर: आगरा एक्सप्रेस अरौल के पास स्लीपर बस जली, 3 मरे
॰ 20 नवंबर: फजलगंज में कबाड़ गोदाम जला।
॰ 20 नवंबर: पनकी में अंगीठी की आग से 4 दोस्तों की मौत
॰ 20 नवंबर: दादा नगर में स्क्रैप गोदाम जला
