अमीनाबाद में जल्द मिलेगी पार्किंग की सुविधा: नगर आयुक्त ने पार्किंग और रैन बसेरा का किया निरीक्षण, जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार : शहर के सबसे व्यस्ततम अमीनाबाद क्षेत्र में जल्द पार्किंग की समस्या दूर होने वाली है। यहां खाली कराए गए तीन स्थलों पर नगर निगम द्वारा पार्किंग की सुविधा विकसित की जा रही है। शुक्रवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार ने निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति देखी और पार्किंग एप्रोच के लिए रैंप निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके।
नगर आयुक्त ने निरीक्षण की शुरुआत रानी लक्ष्मीबाई वार्ड से की। यहां घंटाघर पार्किंग में अवस्थापना निधि से किए जा रहे कार्यों की स्थिति परखी।अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्किंग क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूर्ण करें। पार्किंग के शेष हिस्से में इंटरलॉकिंग और सीसी कार्य में तेजी लाएं। घंटाघर चबूतरे को व्यवस्थित करने और क्षेत्र में उचित स्थानों पर साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को पार्किंग की उपलब्धता की स्पष्ट जानकारी मिल सके।
अमीनाबाद पार्किंग के पास स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया गया। पेंटिंग कार्य प्रगति पर मिला। नगर आयुक्त ने दरवाजों की मरम्मत, बेडशीट बदलने, किचन की स्वच्छता सुधारने और प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके बाद रानी लक्ष्मीबाई वार्ड स्थित भूमिगत पार्किंग का निरीक्षण किया।
पार्किंग एप्रोच को और बेहतर बनाने तथा ऊपरी हिस्से में बाइक पार्किंग क्षेत्र बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि बढ़ती वाहन संख्या को देखते हुए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जा सके। लाल खंभे की दुकान के सामने बने सार्वजनिक शौचालय के दरवाजे दुरुस्त कराने, वाटर कूलर उपलब्ध कराने और जलापूर्ति सुधारने के निर्देश भी दिए।
