प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री योगी: माघ मेला तैयारी की समीक्षा और निरिक्षण कर CM ने किया मां गंगा का पूजन

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी माघ मेले की तैयारी की समीक्षा करने और कुछ मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए शनिवार की सुबह संगम नगरी पहुंच गए। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री यहां होटल कान्हा श्याम और रामबाग में मांगलिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। 

Untitled design (48)

जिसके बाद वह संगम नोज पर गंगा पूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद योगी आदित्यनाथ माघ मेला क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे और बड़े हनुमान जी के मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री मेला प्राधिकरण स्थित आईसीसीसी सभागार में माघ मेला की तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे।

माघ मेला सफल होने के लिए CM योगी ने किया गंगा पूजन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रयागराज पहुँचकर मेला क्षेत्र में स्टीमर से माघ मेले की तैयारियों को जायजा लिया और साथ ही साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया। श्री योगी ने 11 ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच संगम नोज पर गंगा पूजन किया। मां गंगा को दूध अर्पित किया। मुख्यमंत्री आज सुबह 10 बजे प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से सबसे पहले योगी सिविल लाइंस के होटल कान्हा-श्याम पहुंचे। 

यहां उच्च न्यायालय के सीनियर न्यायाधीश एम.सी. त्रिपाठी की बेटी के शादी कार्यक्रम में शामिल हुए। योगी ने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। करीब 30 मिनट तक कार्यक्रम में रुकने के बाद भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के घर पहुंचे। यहां पास में ही बनाए गए एक मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। हनुमान जी की पूजा-अर्चना की। यहां से सीधे मुख्यमंत्री माघ मेला क्षेत्र पहुंचे। 

इससे पहले मुख्यमंत्री 31 मई को प्रयागराज आये थे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय परिसर में अधिवक्ता चैंबर और मल्टीलेवल पार्किंग भवन का उद्घाटन किया था। महाकुंभ के बाद यह पहला माघ मेला है। योगी सरकार की तैयारी माघ मेले को भी भव्य बनाने की है। 

हनुमान मंदिर में किया पूजन 

मुख्यमंत्री हनुमान मंदिर में पूजन करने के बाद अभी मेला से जुड़े अधिकारियों के साथ आई ट्रिपलसी सभागार में समीक्षा बैठक कर रहे है। सभी अधिकारियों को निर्देश भी दिया कि जल्द से जल्द मेला से जुड़े सभी कार्य शीघ्र पूरे करे।  योगी के साथ उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे । 

माघ मेले में 15 करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान करने की उम्मीद

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रयागराज में तीन जनवरी से प्रारंभ हो रहे माघ मेले का दायरा 2024 के मेले की तुलना में बढ़ाया गया है और इस बार मेले में 12 से 15 करोड़ श्रद्धालुओं के स्नान करने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने यहां मेला प्राधिकरण के सभागार में समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘माघ मेला 2026 की तैयारी प्रारंभ हो गई है। इस बार इसका (माघ मेले का) दायरा 2024 की तुलना में बढ़ाया गया है।’’ 

उन्होंने कहा, ‘‘आमतौर पर देखा गया है कि मेले में 20-25 लाख कल्पवासी एक माह तक यहां प्रवास करते हैं। हमारा अनुमान है कि इस डेढ़ महीने के दौरान प्रयागराज में 12 से 15 करोड़ लोग संगम पर स्नान करेंगे जिसमें प्रतिदिन स्नान करने वाले कल्पवासी शामिल हैं।’’

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘इस बार माघ मेला पंद्रह दिन पहले है। तीन जनवरी को पौष पूर्णिमा है, 15 जनवरी को मकर संक्रांति, 18 जनवरी को मौनी अमावस्या, 23 जनवरी को बसंत पंचमी, पहली फरवरी को माघी पूर्णिमा और 15 फरवरी को महाशिवरात्रि है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रदेश के सभी विभागों को इस आयोजन से जोड़ा गया है। सिंचाई विभाग यहां जल की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा।’’ 

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘वहीं बिजली विभाग नियमित बिजली आपूर्ति के साथ ही बिजली की सुरक्षा की भी व्यवस्था करेगा। लोक निर्माण विभाग संपर्क मार्गों के साथ ही सात अस्थायी पुल का निर्माण करेगा।’’ उन्होंने कहा कि जल निगम द्वारा पेयजल की 242 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही 85 किलोमीटर की सीवर लाइन भी बिछाई जाएगी ताकि एक बूंद भी दूषित जल गंगा या यमुना में ना जाने पाए। 

उन्होंने कहा, ‘‘विद्युत निगम मेला क्षेत्र में 25 अस्थायी उपकेंद्र बनाएगा। श्रद्धालुओं को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए 20-20 बिस्तरों के दो अस्पताल बनाए जा रहे हैं। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए जाएंगे। एक वेक्टर नियंत्रण इकाई, पांच आयुर्वेदिक और पांच होम्योपैथिक चिकित्सालय की स्थापना एवं 50 एंबुलेंस की व्यवस्था भी की जा रही है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘नगर विकास विभाग पर्याप्त संख्या में शौचालय और ‘स्ट्रीट लाइट’ की व्यवस्था कर रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मेले का दायरा 800 हेक्टेयर क्षेत्र में सात सेक्टर में फैला होगा। वहीं अलग-अलग मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 42 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में 17 थाने, 42 पुलिस चौकियां, 20 दमकल गाड़ियां, सात अग्निशमन चौकियां और 20 अग्निशमन निगरानी टावर, एक जल पुलिस थाना, एक जल पुलिस नियंत्रण कक्ष और चार जल पुलिस उप नियंत्रण कक्ष होंगे।’’ 

उन्होंने कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) से युक्त 400 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मेले पर नजर रखी जाएगी। यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए भी अंतरजनपदीय और अंतरराज्यीय कार्ययोजना विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि परिवहन के लिए 3,800 बस मेले के दौरान चलाई जाएंगी। 

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस दौरान ‘टेंट सिटी’ का भी निर्माण किया जा रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि माघ मेला नयी ऊंचाइयों को छुएगा और हम इस पूरे आयोजन को पूरी भव्यता एवं दिव्यता के साथ संपन्न कराएंगे।’’ बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां गंगा का पूजन किया और लेटे हुए हनुमान जी के मंदिर में पूजा अर्चना की। 

ये भी पढ़े : 
बिजनौर DM जसजीत कौर के खिलाफ जमानती वारंट, अवमानना याचिका पर सुनवाई के दौरान हुई कार्रवाई

संबंधित समाचार