Tejas Plane Crash: रविवार को शहीद नमांश स्याल का कांगड़ा में अंतिम संस्कार, पैतृक गांव में शोक की लहर

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

कांगड़ा। दुबई एयर शो 2025 के दौरान लड़ाकू विमान तेजस के दुर्घटनाग्रस्त होने से शहीद होने वाले विंग कमांडर नमांश स्याल का अंतिम संस्कार रविवार को होगा। शहीद के चाचा जोगिंदर स्याल ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार रविवार को दोपहर दो बजे के बाद किया जाएगा। 

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को दुबई एयर शो के दौरान विंग कमांडर नमांश स्याल तेजस के दुर्घटनाग्रस्त होने से शहीद हो गये थे। वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले नगरोटा बगवां के रहने वाले थे। दुर्घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी। गांव वाले, रिश्तेदार और पड़ोसी शहीद के पुश्तैनी घर पर जमा हुए और इस बहादुर वायु सेना अधिकारी के असमय जाने पर दुख जताने लगे। 

जिला प्रशासन भी उनके गांव पहुंचा और शोक संतप्त परिजनों को हर संभव मदद देने की पेशकश की। विंग कमांडर स्याल(34) के घर परिवार में पत्नी, माता-पीता और एक छोटी बेटी है। पत्नी भी वायु सेना में कार्यरत हैं। पिता हिमाचल प्रदेश सेवानिवृत प्रधानाध्यापक थे और उससे पहले भारतीय सेना में भी अधिकारी रह चुके थे। पिता उस समय हैदराबाद में थे, जब बेटे के दुखद निधन की खबर मिली। 

शहीद का पार्थिव शरीर रविवार को दोपहर दो बजे गगल एयरपोर्ट पर पहुंचने की उम्मीद है, जिसके बाद पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उप-जिलाधिकारी मुनीश कुमार अंतिम संस्कार में बड़ी भीड़ आने की उम्मीद में ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की देखरेख कर रहे हैं। विंग कमांडर ने अपनी शुरुआती पढ़ाई डलहौजी स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से पूरी की और फिर सैनिक स्कूल सुजानपुर में से आगे की पढ़ाई की थी।

ये भी पढ़े : 
Record Queen Of India: फुटपाथ और गली-मोहल्लों में प्रैक्टिस, चंडीगढ़ की जानवी देश की दूसरी सबसे बड़ी गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड होल्डर  

संबंधित समाचार