लखीमपुर खीरी: बारात देखने पहुंची ढाई साल की बच्ची से रेप...हालत बिगड़ी तो अस्पताल में भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मितौली, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के एक गांव में ढाई साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। गांव में आई बारात देखने पहुंची एक ढाई साल की बच्ची को युवक उठा ले गया और दुष्कर्म किया। इससे बच्ची का हालत बिगड़ गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। बच्ची को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की देर रात बारात आई थी। 

बच्ची भी अपने परिवार वालों के साथ बारात देखने गई थी। जहां से एक 35 वर्षीय युवक मौका पाकर बच्ची को उठा ले गया और कुछ दूर एकांत में उसके साथ दुष्कर्म  किया। इससे बच्ची की हालत बिगड़ गई। इधर बच्ची जब परिजनों को दिखाई नहीं पड़ी तो उसकी तलाश शुरू हुई। तलाश के दौरान बच्ची बदहवास हालत में आते हुए रास्ते में मिली। बच्ची की हालत देख परिवार के लोगों के होश उड़ गए। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

बच्ची की हालत गंभीर होने पर आनन-फानन में उसे सीएचसी लाया गया, जहां से हालत में कोई सुधार न होने पर डॉक्टर ने उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पाकर सीओ यादवेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंच गए।  हरकत में आई पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू की। करीब सात घंटे बाद पुलिस ने गांव के ही आरोपी श्यामपाल उर्फ पालू को गिरफ्तार कर लिया। 

हालांकि सीओ यादवेंद्र सिंह का कहना है कि बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ साफ होगा। पीड़ित बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एससीएसटी एक्ट भी लगाया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के परिजनों को हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है।

संबंधित समाचार