बाराबंकी : रविवार को भी एसआईआर का कार्य रहेगा जारी, डीएम ने केसरगंज के बूथों का किया निरीक्षण
बाराबंकी, अमृत विचार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान में अब तेजी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के साथ विधानसभा हैदरगढ़ क्षेत्र के ब्लॉक संसाधन केंद्र केसरगंज और कंपोजिट विद्यालय केसरगंज स्थित बूथ संख्या 63, 64, 65 और 66 का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुपरवाइजर, बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी बीएलओ और अधिकारी फील्ड में रहकर कार्य समय पर पूरा करें और मतदाता अपने गणना प्रपत्र समय से भरकर बीएलओ को दें।
जिलाधिकारी ने सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वाले तीन बीएलओ को विशेष रूप से बधाई दी। इसमें जिताेन्द्र कुमार (प्रा. विद्यालय कमला पहाड़ापुर, ब्लाक सिद्धौर), पूनम वर्मा (प्रा. विद्यालय कोटवा) और नीलम सोनी (प्रा. विद्यालय भटुवामऊ, कुर्सी) शामिल हैं। इन बीएलओ द्वारा पुनरीक्षण कार्य में अच्छी प्रगति दर्ज की गई है।
डीएम ने मौके पर ही एक मतदाता का फॉर्म भरवाकर अभियान की गंभीरता का संदेश दिया और सभी बीएलओ को बीएलओ ऐप के एडवांस वर्जन का नियमित उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गणना प्रपत्र के वितरण और संकलन की ऑनलाइन प्रगति प्रतिदिन अपडेट करने और वर्ष 2003 की मतदाता सूची के वर्तमान रिकॉर्ड से मिलान कार्य तेजी से पूरा करने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी हैदरगढ़ राजेश विश्वकर्मा, खंड विकास अधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय, खंड शिक्षा अधिकारी, सुपरवाइजर और बीएलओ उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने सभी मतदाताओं, जनप्रतिनिधियों, पर्यवेक्षकों और बीएलओ से अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।
बीएलओ से अभद्रता पर जेल गए सगे भाई
सिरौलीगौसपुर: बदोसरांय क्षेत्र में बीएलओ और उनके पति से अभद्रता करने के आरोप में दो भाइयों को जेल भेज दिया गया है। उपजिलाधिकारी प्रीति सिंह ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका पर यह कार्रवाई की। घटना ग्राम किंतूर में शनिवार को हुई। पंचायत सहायक साजिदा बानो किंतूर में बीएलओ के रूप में कार्यरत हैं, वह अपने पति मोहम्मद रिजवान उर्फ राजा के साथ स्पेशल इंटेसिव रिवीजन का काम कर रही थीं। इसी दौरान गांव के नूर आलम व सरवर पुत्रगण पीर मोहम्मद उनके पास आए और एसआईआर फॉर्म वापस मांगने लगे।
साजिदा बानो के पति रिजवान ने बताया कि फॉर्म ऑनलाइन हो चुका है, जिसके बाद दोनों युवक दबाव बनाते हुए गाली-गलौज करने लगे। यही नहीं दोनों मारपीट पर भी आमादा हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं के तहत चालान कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया। उपजिलाधिकारी प्रीति सिंह ने मामले की गंभीरता और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
