लखनऊ : युवती का यौन शोषण कर बनाया वीडियो, अब कर रहा ब्लैकमेल, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार। चिनहट में शादी का झांसा देकर दलित युवती से यौन शोषण करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले आरोपी को पुलिस ने संतकबीरनगर से गिरफ्तार कर लिया। ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाई पुलिस ने आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र की एक युवती ने 5 नवंबर को दुष्कर्म, धमकी, मारपीट, एससी/एसटी एक्ट और आईटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। मामले की विवेचना एसीपी विभूतिखंड कर रहे थे। इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा के अनुसार पीड़िता ने बताया कि कुछ समय पहले उसकी आरोपी मोनू मौर्या से दोस्ती हुई थी।
आरोपी ने प्रेम जाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर शादी का आश्वासन दिया। इसके बाद उसने युवती के अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर ब्लैकमेल करते हुए लगातार यौन शोषण किया। कुछ दिन पहले जब पीड़िता ने शादी का दबाव डाला तो आरोपी ने मारपीट कर उसका मोबाइल तोड़ दिया।
पीड़िता के कलमबंद बयान होने पर एसीपी विभूतिखंड के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई। पुलिस ने संतकबीरनगर के धनघटा निवासी मोनू मौर्या को वहीं से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
