बरेली: तमंचा दिखाकर छात्रा से छेड़खानी की, तेजाब से जलाने की धमकी दी
बरेली,अमृत विचार। स्कूल जा रही छात्रा को दो शोहदों ने घेर लिया और फिर उस पर तमंचा तानकर छेड़खानी की। विरोध करने पर दबंगों ने उसे तेजाब से जलाने की धमकी दी। उन्होंने छात्रा को खींचने का प्रयास किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रेमनगर निवासी …
बरेली,अमृत विचार। स्कूल जा रही छात्रा को दो शोहदों ने घेर लिया और फिर उस पर तमंचा तानकर छेड़खानी की। विरोध करने पर दबंगों ने उसे तेजाब से जलाने की धमकी दी। उन्होंने छात्रा को खींचने का प्रयास किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
प्रेमनगर निवासी छात्रा को राजेंद्र नगर निवासी हेमंत उर्फ छोटू लंबे समय से परेशान कर रहा था। आरोपी उसके मोबाइल बार अश्लील मैसेज भेजता था। फोन करके आए दिन परेशान करता था। विरोध करने पर वह उसे उठा ले जाने की धमकी देता था। आरोप है कि कुछ दिन पहले जब छात्रा कोचिंग जा रही थी तो हेमंत और उसके दोस्त मोहित ने तमंचा दिखाकर उसका रास्ता रोक लिया और छेड़खानी करने लगे। आरोपियों ने जबरन उसे खींचने का प्रयास किया। विरोध पर धमकी दी कि वह अगर उनका कहना नहीं मानेगी तो वह उस पर तेजाब से हमला कर उसका चेहरा जला देंगे।
13 दिसंबर की शाम को आरोपियों ने दोबारा उसे घर के पास ही रास्ते में रोक लिया और छेड़खानी करने लगे। मना करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
“इंटर की छात्रा ने दो लोगों पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा।” -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
