Bareilly : गंधक पोटाश का धमाका सुन लगाई छलांग...भागने में नाकाम कुएं में गिरा तेंदुआ
खुटार, अमृत विचार। खुटार के गांव सौफरी में सड़क से पांच सौ मीटर दूर गांव के राजाराम वर्मा के गन्ने के खेत में चल रही गन्ना छिलाई करने के दौरान बैठा तेंदुआ ने किसानों पर हमला का प्रयास कर दहाड़ पड़ा। मौजूद किसानों ने शोर मचाने के साथ ही गंधक पोटाश को हथौड़ी से दागा तो जान जोखिम में देख तेंदुआ ने छलांग लगा दी। लेकिन तेंदुआ भागने में नाकाम हो गया और खेत में सूखे कुएं में जा गिरा और बुरी तरह फंस गया।
कुएं की गहराई तकरीबन सात फुट थी। यह मामला रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे का है। तेंदुआ के फंसने पर देखने की होड़ में नगर के अलावा तमाम गांवों से भारी संख्या में महिलाएं, पुरूष, बच्चों की भीड़ जुट गई। इस मामले की जानकारी पाकर खुटार थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने अपनी टीम व रेंजर मनोज श्री वास्तव की टीम के अलावा ग्रामीणों की मदद से सात फुट गहरे सूखे कुएं से जैसे-तैसे जाल (खाबर) में नर तेंदुआ को फंसा कर बाहर निकाला। करीब 40 मिनट रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया तो कहीं जाकर सफलता मिल सकी।
वन विभाग के अनुसार, नर तेंदुआ की उम्र छह माह की है। गाड़ी से उसे खुटार वन रेंज कार्यालय मैलानी ले जाया गया। अधिकारियों के आदेश के बाद उसे सुरक्षित जगह जंगल में छोड़ा जाएगा। खुटार के गांव सौफरी निवासी राजाराम वर्मा के खेत में गन्ने की छिलाई का काम चल रहा है। रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे राजाराम वर्मा अपने परिवार के सदस्यों व गांव के नन्हेंलाल, उत्तम, नंदकिशोर, रामू, रामनरेश के साथ खेत में पहुंचे।
जहां तेंदुआ के पगचिन्ह जलाई गई पराली की राख, खेत में मिले। इससे बैठा तेंदुआ की आशंका जताई। तभी अचानक गन्ने के अंदर से तेंदुआ की दहाड़ सुनाई दी। शायद हमला करने के फिराक में बैठा था। किसान राजाराम वर्मा और श्रमिकों ने शोर मचाया। साथ ही हथौड़ी से गंधक पोटाश दगा दी। तेज धमाके की आवाज सुनकर नर तेंदुआ जान जोखिम देख भाग खड़ा हुआ। गन्ने के खेत में सूखे कुएं में तेंदुआ गिर गया। इस बात की भनक लगने पर भारी संख्या में भीड़ पहुंच गई। रविवार दिन में करीब 11:42 बजे पुलिस और वन विभाग की टीम पहुंची। बाद में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर नर तेंदुआ को 12:28 बजे तक बाहर निकाला गया। वन विभाग की टीम छह माह का नर तेंदुआ को गाड़ी से खुटार वन रेंज मैलानी लेकर चली गई। वन विभाग के मुताबिक, अधिकारियों के आदेश के बाद ही तेंदुआ को कहां और किस जंगल में छोड़ा जाएगा। निर्णय लेने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
4 घंटा और 42 मिनट बाद पहुंचे रेंजर
खुटार। गांव सौफरी में राजाराम वर्मा के खेत में पानी से सूख चुका कुएं में तेंदुआ फंसा होने की सूचना गांव के लोगों ने पुलिस और वन विभाग को दी। काफी इंतजार के बाद अधिकारी नहीं पहुंचे तो लोगों में रोष फैल गया। इस बीच तेंदुआ को देखने भारी संख्या में लोगों की भी जुट गई। रविवार दिन के 11:42 बजे रेंजर मनोज श्रीवास्तव टीम के साथ पहुंचे। बाद में पुलिस और ग्रामीणों की मदद से जाल व रस्सी से तेंदुआ को बाहर निकाला। इसके बाद वन विभाग की टीम तेंदुआ को लेकर चली गई। लोगों के मुताबिक, वन विभाग को सूचना तेंदुआ को देखने के बाद दी गई थी। इसके बावजूद वन अधिकारियों ने आने में देर लगा दी। जिस पर लोगों ने वन विभाग की टीम पर नाराजगी जताई है।
12 दिनों से तेंदुआ की चहलकदमी, एक बकरी को बनाया निवाला
खुटार। गांव वालों के अनुसार, करीब 12 दिनों से तेंदुआ खेतों और गांव के किनारे देखा जा चुका है। इस मामले में वन विभाग को अवगत कराया गया। फिर भी जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। 17 नवंबर को गांव के कढ़ेल कश्यप की पत्नी बकरियों को चराने राजाराम के खेत में गई थी। शाम को घर लौटी तो एक बकरी गायब थी। 18 नवंबर को तलाश किया गया तो राजाराम के गन्ने में बकरी का शव बरामद हुआ था। इसके अलावा फिर से तेंदुआ को देखा गया और वन विभाग को सूचना दी गई। जबकि रविवार दिन में फिर से राजाराम वर्मा के खेत में तेंदुआ दिखा और हमला करने की फिराक में बैठा था। लेकिन सूझबूझ के चलते किसानों की जान बच गई और तेंदुआ पकड़ा जा सका।
पेड़ों पर चढ़कर खूब बनाई वीडियो और फोटो
खुटार। सूखे कुएं में गिरा नर तेंदुआ को देखने के साथ ही पहुंचे तमाम लोगों ने अपने मोबाइल से वीडियो और फोटो बनाना शुरू कर दिया। युवाओं ने लिप्टिस के पेड़ों पर ऊंचाई पर चढ़कर खूब वीडियो बनाने के साथ ही फोटो खींचे। जिस पर लोगों ने सोशल प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिया। इसके बाद ही अधिकारी पहुंच सके।
नगर और गांवों से पहुंचे लोग, आवागमन रहा प्रभावित
खुटार। तेंदुआ को देखने खुटार नगर के अलावा सौफरी, मलिका, खमरिया गदियाना, रुजहा कलां, सिल्हुआ, नगरा, इटौआ, कुसुमा, रसवां कलां, सलनहा, लालपुर, कुइयां, ढकना, खंडसार, रजमना आदि गांवों से महिलाएं, युवतियां, युवा, पुरुष के साथ ही भारी संख्या में बच्चों की भीड़ पहुंच गई। जहां ताक, झांक कर तेंदुआ को देखने की जुगाड़ में डटे रहे। पकड़ने के बाद भीड़ हट सकी। इस दौरान सड़क पर भी आवागमन कुछ देर के लिए बंद हो गया।
एसडीओ वन विभाग सुशील कुमार ने बताया कि तेंदुए को वन रेंज मैलानी ले जाया गया है। अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया है। उच्चा अधिकारियों के आदेश के बाद ही पता चलेगा कि तेंदुए को किस जंगल मे छोड़ा जाएगा।
