प्रतापगढ़ : शादी वाले घर में पसरा मातम, शादी से एक दिन पहले करंट की चपेट में आने से दूल्हे की मौत
कोहड़ौर/प्रतापगढ़, अमृत विचार। यूपी के प्रतापगढ़ जिले के कोहड़ौर थाना क्षेत्र के पूरे मणिकंठ गांव निवासी 25 वर्षीय रितेश पटवा पुत्र करम चंद्र पटवा की बीते शुक्रवार को तिलक हुई थी। सोमवार को जनपद बस्ती में बारात जानी थी। वह रविवार शाम घर की छत पर लाइट की झालर के वायर का प्लग लगाने के लिए गया था।
इस दौरान प्लग में उतरे बिजली के करंट की चपेट में आ गया। वह करंट की चपेट में आने से झुलस कर छत से नीचे गिर गया। आनन - फानन में परिजन लेकर सीएचसी कोहड़ौर पहुंचे। वहां से मेडिकल कालेज प्रतापगढ़ रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचते ही डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से खुशियों वाले घर में मातम छा गया।माता पिता रो रो कर हाल बेहाल हैं। हादसे से परिजन सहित पूरा गांव शोक में है।
