30 तक जीएनएम की खाली सीटों पर कॉलेज खुद कर सकेंगे दाखिला

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों में जीएनएम पाठ्यक्रम की खाली सीटों पर अब कॉलेज प्रशासन को स्वयं प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अनुमति दे दी गई है। उप्र. स्टेट मेडिकल फैकल्टी के सचिव डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने इस संबंध में निर्देश जारी करते हुए स्पष्ट किया कि कॉलेजों को 30 नवंबर तक अपने स्तर पर प्रवेश परीक्षा आयोजित कर दाखिले की प्रक्रिया पूर्ण करना अनिवार्य है।

फैकल्टी सचिव ने बताया कि निर्धारित अवधि में प्रवेश लेकर कॉलेजों को 5 दिसंबर 2025 तक सभी अभ्यर्थियों की सूची कार्यालय को भेजनी होगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 30 नवंबर के बाद किए गए किसी भी प्रवेश को मान्य नहीं माना जाएगा। इसके बाद उम्मीद है कि नर्सिंग कॉलेजों की रिक्त सीटें भर सकेंगी और अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को जीएनएम प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

मालूम हो कि अटल बिहारी वाजपेयी चिकित्सा विश्वविद्यालय द्वारा प्रदेश के नर्सिंग कॉलेजों की लगभग 24 हजार जीएनएम सीटों पर दाखिले के लिए केंद्रीकृत प्रवेश परीक्षा आयोजित की गयी थी। तत्पश्चात पांच चरणों की काउंसिलिंग के बाद भी प्रदेश के लगभग 200 निजी नर्सिंग कॉलेजों में करीब 5,000 सीटें रिक्त रह गई थीं। इन सीटों को भरने के लिए अब कॉलेजों को स्वस्तर पर प्रवेश परीक्षा आयोजित कर प्रवेश लेने की छूट प्रदान की गई है।

संबंधित समाचार