ध्वजारोहण समारोह : अयोध्या में एंट्री आसान नहीं... आने जाने वालों पर निगाह तेज, रात भर चलाई जा रही चेकिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार : ध्वजारोहण समारोह की तिथि नजदीक आते ही रामनगरी कड़ी सुरक्षा के घेरे में जकड़ी जा रही है। शहर में आने जाने वालों की स्क्रीनिंग की जा रही है। एफआरएस कैमरों से संदिग्धों का चेहरा व डाटा भी मिलाया जा रहा है। चेकिंग चौबीस घंटे की जा रही है। देर रात खुफिया एजेंसियां मिश्रित आबादी वाले इलाकों व होटल, गेस्ट हाउस आदि की चेकिंग कर रही है। यह अभियान शहर से लेकर देहात तक चल रहा है।

प्रधानमंत्री के आगमन पर सुरक्षा को लेकर रामपथ पर रानोपाली से लता चौक तक फुटपाथ पर द्विस्तरीय बेरिकेडिंग कर दी गई है। सभी प्रमुख चौक, चौराहों, प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस लाइंस में रविवार को बाहर से आए सुरक्षाकर्मियों को ड्यूटियां अलॉट कर, पहचान पत्र आदि देकर रवाना किया गया। वहीं, अयोध्या में प्रवेश करने वाले मार्ग उदया चौराहा, निषादराज चोराहा, चूड़ामणि चौराहा, साकेत पेट्रोल पंप, हनुमान गुफा, रामघाट चौराहा, लता चौक समेत अन्य मार्गों पर पुलिस बल द्वारा हर आने जाने वालों की चेकिंग कर रही है। जरूरत पड़ने पर उनका पहचान पत्र का सत्यापन कराया जा रहा है।

रुदौली सीओ आशीष निगम ने बताया कि संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए जिले में प्रवेश मार्ग वाले क्षेत्रों में विशेषकर रुदौली सर्किल में व्यापक स्तर पर चेकिंग, पेट्रोलिंग और प्वाइंट-टू-प्वाइंट निगरानी की जा रही है। पुलिस टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि वे खुराफाती और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखें तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

संबंधित समाचार