बलिया : छपरा घाट पर मिला टेंट व्यवसायी का शव, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बलिया। यूपी के बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में दो दिन पहले लापता हुए 45 वर्षीय टेंट व्यवसायी का शव मंगलवार को ‘हुकुम छपरा घाट’ पर पाया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) कृपा शंकर ने मंगलवार को बताया कि हल्दी थाना क्षेत्र के परसिया गांव के राजकुमार सिंह द्वारा गत 23 नवंबर को पुलिस थाने को सूचना दी गई थी कि टेंट का व्यवसाय करने वाला उनका भतीजा अजित कुमार सिंह उर्फ बोधा (45 वर्ष) लापता है। 

राजकुमार ने पुलिस को बताया कि अजित सुबह चार बजे ग्राम मझौवा से घर के लिए चला परन्तु घर वापस नहीं आया। उन्होंने बताया कि इस मामले में नियमानुसार गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही थी कि मंगलवार को सूचना मिली कि हुकुम छपरा घाट पर एक व्यक्ति का शव गंगा नदी में उतराया पाया गया है और पास में ही एक मोटरसाइकिल पड़ी थी। 

इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। शव की पहचान अजित कुमार सिंह के रूप में हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस इस मामले में परिजनों से जानकारी जुटाने के साथ आवश्यक विधिक कार्यवाही कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस कुछ व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। 

संबंधित समाचार