Rohit Sharma: रोहित शर्मा बने T20 World Cup 2026 के ब्रांड एंबेसडर, जय शाह ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
मुंबईः भारत को 2024 में टी20 वर्ल्ड कप दिलाने वाले कप्तान रोहित शर्मा को बीसीसीआई सचिव और नवनिर्वाचित आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने मंगलवार को एक खास सम्मान दिया है। रोहित शर्मा को भारत-श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि रोहित की अगुआई में ही टीम इंडिया ने पिछले साल बारबाडोस में साउथ अफ्रीका को रोमांचक फाइनल में हराकर 11 साल बाद दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाया था। उसी टूर्नामेंट के बाद हिटमैन ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। इस साल मई में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से भी संन्यास ले लिया और अब वह सिर्फ वनडे फॉर्मेट में ही भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
“खेलते हुए एंबेसडर बनना बहुत दुर्लभ है” – रोहित
इस नियुक्ति पर खुशी जाहिर करते हुए रोहित शर्मा ने कहा, “मुझे बताया गया कि कोई सक्रिय खिलाड़ी बहुत कम ही किसी आईसीसी टूर्नामेंट का एंबेसडर बनता है। मेरे लिए यह बहुत बड़ा सम्मान की बात है। उम्मीद है कि 2026 में हम फिर वही जादू दोहरा पाएंगे। आईसीसी ट्रॉफी जीतना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है और अपने 18 साल के करियर में हाल में मिली दो आईसीसी ट्रॉफियां (2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी) मेरे लिए सबसे खास हैं।” रोहित अब तक दो आईसीसी खिताब (2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी) जीताने वाले भारत के सिर्फ दूसरे कप्तान हैं (पहले एमएस धोनी)।
ग्रुप में पाकिस्तान भी, किसी को हल्के में नहीं लेंगे– हिटमैन
आगामी टी20 वर्ल्ड कप में भारत को ग्रुप A में पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया के साथ रखा गया है। दोनों चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच महा-मुकाबला 15 फरवरी 2026 को खेला जाएगा।
ग्रुप के बारे में रोहित ने कहा, “हमारे ग्रुप में पाकिस्तान के अलावा अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया हैं। किसी भी टीम को हल्के में नहीं ले सकते। पहली गेंद से ही पूरी तरह तैयार रहना होगा। यह देखकर अच्छा लगा कि टूर्नामेंट में नई-नई टीमें जुड़ रही हैं। उम्मीद है यूरोप, अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया से भी और देश क्रिकेट के इस फॉर्मेट में आगे आएंगे क्योंकि टी20 पूरी दुनिया में तेजी से फैल रहा है।” टी20 इंटरनेशनल में रोहित सबसे सफल भारतीय बल्लेबाजों में शुमार हैं। उन्होंने 159 मैचों में 140.89 के शानदार स्ट्राइक रेट से 4231 रन ठोके हैं।
