19वीं नेशनल जम्बूरी बना प्रदेश का बड़ा वैश्विक युवा मंच, 33,000 से अधिक युवाओं के उत्साह से राजधानी लखनऊ सराबोर
लखनऊ, अमृत विचार। इन दिनों कई देशों से आए स्काउट्स कैडेट्स के उत्साह से राजधानी लखनऊ सराबोर है। 61 वर्षों की लंबी प्रतीक्षा के बाद यहां आयोजित 19वीं नेशनल जम्बूरी ने प्रदेश को एक वैश्विक युवा मंच में बदल दिया है।
7.jpg)
भारत के विभिन्न राज्यों से आए 33,000 से अधिक स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स के साथ मालदीव, नेपाल, श्रीलंका और सऊदी अरब सहित एशिया पैसिफिक क्षेत्र के 1,500 से अधिक युवा प्रतिनिधियों ने इस आयोजन में शिरकत की है। जम्बूरी परिसर में कदम रखते ही अतिथि देवो भव: की भारतीय परंपरा जीवंत नजर आती है।
8.jpg)
प्रतिभागी स्काउट्स पारंपरिक व्यंजनों की सुगंध, लोक गीतों की धुन और रंगीन परिधानों के आकर्षण से विविधता का उत्सव मनाते दिखते हैं।
7.jpg)
उद्घाटन समारोह में ड्रोन शो, भव्य परेड और उत्तर प्रदेश की धरोहर को दर्शाते सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। यह सिर्फ उत्सव का मंच नहीं, बल्कि अपने ऐतिहासिक गौरव और आधुनिकता के बीच संतुलन का संदेश देता है।
9.jpg)
इस आयोजन का एक महत्वपूर्ण आकर्षण उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा लगाया गया सुरक्षा और तकनीक प्रदर्शनी मंडप है, जहां युवा स्काउट्स को अपराध रोकथाम प्रौद्योगिकी, अग्निशमन तकनीक और कमांडो व एंटी टेररिज्म स्क्वॉड की क्षमताओं से परिचित कराया गया। यह अनुभव युवाओं के मन में सुरक्षा संरचनाओं के प्रति एक नई समझ विकसित करता है।
7.jpg)
समारोह के दौरान विभिन्न देशों और राज्यों से आए युवा आपस में मित्रता के सूत्र जोड़ रहे हैं और एक दूसरे की परंपराओं और जीवनशैली को समझते हुए सीमाओं से परे एक साझा मानवीय अनुभव का निर्माण कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश ने जिस गर्मजोशी से इस वैश्विक आयोजन की मेजबानी की है, वह न केवल प्रदेश बल्कि समूचे भारत की जन–आत्मा का परिचय कराती है।
वित्त मंत्री ने 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में पीजेंट शो का किया उद्घाटन
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि स्काउट-गाइड एक पवित्र और सेवा-केंद्रित क्षेत्र है, जिसका मूल उद्देश्य दूसरों के कष्टों को दूर करना और जीवन को सरल बनाना है। दुनिया के सभी मजहब मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म के रूप में मानते हैं और स्काउट-गाइड आंदोलन इसी भावना को आगे बढ़ाता है।
वित्त मंत्री बुधवार को 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी के अंतर्गत आयोजित पीजेंट शो का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देश-विदेश से आए स्काउट-गाइड प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि आतिथ्य सत्कार भारतीय परंपरा की सबसे बड़ी पूंजी है और राज्य सरकार ने जंबूरी में आए प्रतिभागियों के सम्मान और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा है। स्काउट-गाइड की ऊर्जा, अनुशासन और सेवा भाव की सराहना की।
भारत में स्काउट आंदोलन की नींव रखने वाले शाहजहांपुर के रामजी वाजपेयी का जिक्र करते हुए मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि स्काउटिंग के विकास में उनका अमूल्य योगदान रहा है। स्काउट-गाइड, युवाओं के बौद्धिक, आध्यात्मिक और सामाजिक विकास का सशक्त माध्यम है, जो उन्हें अनुशासित, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है।
पीजेंट शो में झलकी देश की सांस्कृतिक विविधता
इस मौके पर मंत्री सुरेश खन्ना ने आकर्षक पुलिस बैंड की प्रस्तुतियों, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियों, लोकनृत्य, संगीत और थीम आधारित प्रदर्शन का अवलोकन किया। रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों से सजे इस कार्यक्रम ने भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध विरासत को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
डॉ. प्रभात कुमार (प्रादेशिक मुख्य आयुक्त), डॉ. राजेश मिश्रा (स्टेट कमिश्नर, स्काउट), ललिता प्रदीप (स्टेट कमिश्नर, गाइड) सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। डॉ. महेंद्र सिंह और डॉ. प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से मंत्री सुरेश खन्ना को जंबूरी का पवित्र शुभंकर ‘शार्दू’ भेंट किया।
