लखीमपुर खीरी: रोडवेज बस बैक करते समय ढाबे पर खड़े युवक की मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मैगलगंज, अमृत विचार। कस्बे में स्थित एक ढाबे पर आए गांव धर्मापुर के युवक बैक हो रही रोडवेज बस की चपेट में आ गया। इससे वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
गांव धर्मापुर निवासी ललित कुमार (30) पुत्र सुरेश कुमार किसी काम से मैगलगंज स्थित एक ढाबे पर गया था। वहीं पर खड़ा होने के दौरान रोडवेज बस चालक वाहन को बैक कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ललित की बाइक पीछे खड़ी थी और बस चालक के बैक करते समय बाइक बस के पिछले हिस्से में फंस गई। बाइक के साथ ललित भी बस के नीचे गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग घायल को सीतापुर ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई झारिया सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया था। इस पर पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव परिवार वालों को सौंप दिया। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।

संबंधित समाचार