Lucknow News: राजधानी में 144 डॉक्टर करेंगे पोस्टमार्टम ड्यूटी, लिस्ट से हुए बाहर सरकारी डॉक्टर... विरोध शुरू

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ में पोस्टमार्टम प्रक्रिया को समयबद्ध और सुचारु बनाने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने गुरुवार को 144 डॉक्टरों की सूची जारी की। इसमें महिला डॉक्टरों को भी शामिल किया गया है। सूची का विरोध भी शुरू हो गया है। विरोध करने वालों का आरोप है कि जिले के सभी सरकारी डॉक्टरों को सूची में शामिल नहीं किया गया है।

सीएमओ डॉ. एन. बी. सिंह ने बताया कि 60 वर्ष से कम आयु के सभी चिकित्सकों को पोस्टमार्टम ड्यूटी में शामिल किया गया है। इनमें महिला डॉक्टर भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि यह ड्यूटी 15 फरवरी तक तय की गई है। सीएमओ, अपर सीएमओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को इस सूची से बाहर रखा गया है। सीएमओ ने यह भी बताया कि यदि किसी चिकित्सक को ड्यूटी के दौरान बीमारी या किसी तकनीकी कारण से अवकाश लेना होता है, तो संबंधित अस्पताल के प्रभारी अधिकारी को उनके स्थान पर प्रतिस्थापन डॉक्टर भेजना होगा।

मालूम हो कि राज्य सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक, चार घंटे के भीतर पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपना अनिवार्य किया गया है। इसी के तहत सभी जिलों में सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों को पोस्टमार्टम ड्यूटी में शामिल करने के निर्देश दिए गए थे। लखनऊ में सभी चिकित्सकों को शामिल न किए जाने पर विरोध के बाद एक केंद्रीय सूची तैयार की गई है। इस नई व्यवस्था को प्रदेश के अन्य जिलों में भी लागू किया जाना है, जिसकी शुरुआत राजधानी लखनऊ से की गई है।

संबंधित समाचार