बाराबंकी: सुमेरगंज को विकास परियोजनाओं की सौगात, राज्यमंत्री के प्रयास से होगा जिले का सौंदर्यीकरण 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। नगर पंचायत रामसनेहीघाट के सुमेरगंज क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें जगमगा उठी हैं। प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा के निरंतर प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री ने नगर की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित परियोजना के रूप में श्री हनुमान मंदिर परिसर में विशाल टीन शेड का निर्माण शामिल है। इसके लिए 58.27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 

निर्माण पूरा होने पर श्रद्धालुओं को मौसम की मार से राहत मिलेगी और धार्मिक आयोजनों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही, धरौली के मिनी स्टेडियम का सौंदर्यीकरण और विकास भी नई गति पकड़ रहा है। स्टेडियम की बाउंड्री वॉल की रंगाई-पुताई और प्रवेश द्वार तक सीसी मार्ग निर्माण के लिए 12.7 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बेहतर वातावरण मिलेगा। 

नगर के वार्ड ताला में रैन बसेरा के लिए चयनित भूमि पर स्लैब डालने और रेलिंग निर्माण की भी मंजूरी मिली है। इस परियोजना पर 16.48 लाख रुपये खर्च होंगे, जिससे जरूरतमंदों को सुरक्षित और व्यवस्थित आश्रय मिलेगा। इसके अलावा, वार्ड दलसिंहपुर में अनिल यादव के घर से अवधेश के घर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण भी स्वीकृत हुआ है, जिसकी लागत 12.67 लाख रुपये है। 

सड़क बन जाने से स्थानीय लोगों के आवागमन में सुविधा बढ़ेगी और क्षेत्र का सौंदर्य भी निखरेगा। नगर पंचायत में इन श्रृंखलाबद्ध विकास कार्यों की स्वीकृति से क्षेत्रवासियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। नागरिकों ने कहा कि लंबे समय से अपेक्षित कार्यों को मंजूरी मिलना पूरे नगर के लिए सकारात्मक बदलाव का संकेत है। लोगों ने इसे राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा की पहल का परिणाम बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

ये भी पढ़े : 
बाराबंकी में किशोर ने लगाई फांसी: पुलिस ने जांच के दिए आदेश,  बेटे का जीवन वापस मांगने बदहवास मां पहुंची  महदेवा मंदिर 

 

संबंधित समाचार