औसत 4जी डाउनलोड स्पीड में जियो की बादशाहत बरकरार, अपलोड में वोडाफोन आगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। रिलायंस जियो के ग्राहकों के लिए एक अच्छी खबर है। जियो ने एक बार फिर औसत 4जी डाउनलोड स्पीड में पिछले तीन वर्ष से अधिक से चला आ रहा अपना वर्चस्व बनाये रखा है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के नवंबर माह के आंकड़ों के मुताबिक जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 20.8 एमबीपीएस मापी …

नई दिल्ली। रिलायंस जियो के ग्राहकों के लिए एक अच्छी खबर है। जियो ने एक बार फिर औसत 4जी डाउनलोड स्पीड में पिछले तीन वर्ष से अधिक से चला आ रहा अपना वर्चस्व बनाये रखा है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) के नवंबर माह के आंकड़ों के मुताबिक जियो की औसत डाउनलोड स्पीड 20.8 एमबीपीएस मापी गई जो अक्तूबर के मुकाबले 3.0 एमबीपीएस अधिक है।

अक्तूबर में रिलायंस जियो की 4जी डाउनलोड स्पीड 17.8 एमबीपीएस थी। पिछले तीन वर्षों से भी अधिक समय से रिलायंस जियो डाउनलोड स्पीड के मामले में लगातार नंबर वन 4जी ऑपरेटर बना हुआ है। ट्राई के अनुसार नवंबर में भारती एयरटेल के प्रदर्शन में मामूली सुधार देखा गया।

एयरटेल की औसत 4जी डाउनलोड स्पीड अक्तूबर के 7.5 एमबीपीएस के मुकाबले नवंबर में 8 एमबीपीएस रही। एयरटेल के मुकाबले रिलायंस जियो की स्पीड 2.5 गुना से भी अधिक है। वोडाफोन और आइडिया सेल्युलर ने अपने कारोबार का हालांकि विलय कर लिया है और अब वोडाफोन आइडिया के रूप में काम कर रहे हैं पर ट्राई दोनों के आकंड़े अलग अलग प्रर्दशित करता है।

वोडाफोन और आइडिया नेटवर्क की औसत 4 जी डाउनलोड स्पीड में पिछले माह के मुकाबले मामूली अंतर देखने को मिला। जहां वोडाफोन की स्पीड सुधर कर नवंबर में 9.8 एमबीपीएस हो गई वहीं आइडिया की स्पीड गिरकर 8.8 एमबीपीएस पर जा पहुंची। वोडाफोन और आइडिया दोनों की स्पीड नवंबर में एयरटेल से कुछ अधिक रही पर जियो के मुकाबले आधी से भी कम मापी गई।

नवंबर में 6.5 एमबीपीएस के साथ वोडाफोन औसत 4 जी अपलोड स्पीड में सबसे ऊपर रहा। दूसरे नंबर पर आइडिया रहा, उसकी अपलोड स्पीड 5.8 एमबीपीएस रही। वहीं रिलायंस जियो और एयरटेल की नवंबर माह में औसत अपलोड स्पीड क्रमश: 3.7 और 4 एमबीपीएस नापी गई। ट्राई द्वारा औसत गति की गणना माईस्पीड एप्लिकेशन की सहायता से एकत्र रियल टाइम आंकड़ों के आधार पर की जाती है।

संबंधित समाचार