सितारगंज: पालिका परिसर में एसडीएम और सीओ को बंधक बनाया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सितारगंज,अमृत विचार। अपनी मांगों के लेकर पालिका परिसर में धरने पर बैठे पालिका अध्यक्ष समेत पालिका कर्मचारियों ने बुधवार को उनसे वार्ता को पहुंचे एसडीएम, तहसीलदार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को पालिका परिसर के अधिशासी अधिकारी के कक्ष में बंधक बना दिया। सभी अधिकारियों को परिसर में आने के बाद कर्मचारियों ने पालिका के मेन …

सितारगंज,अमृत विचार। अपनी मांगों के लेकर पालिका परिसर में धरने पर बैठे पालिका अध्यक्ष समेत पालिका कर्मचारियों ने बुधवार को उनसे वार्ता को पहुंचे एसडीएम, तहसीलदार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को पालिका परिसर के अधिशासी अधिकारी के कक्ष में बंधक बना दिया। सभी अधिकारियों को परिसर में आने के बाद कर्मचारियों ने पालिका के मेन गेट पर तालाबंदी कर दी। देर शाम तक भी सभी प्रशासनिक अधिकारी पालिका परिसर में ही मौजूद हैं। इस घटना के बाद पालिका परिसर के बाहर व्यापक पुलिस फोर्स पहुंच गई है।

सितारगंज नगर पालिका में अध्यक्ष हरीश दुबे, सभासद और उनके समर्थक पिछले 26 दिनों से विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं। बुधवार को एसडीएम मुक्ता मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुरजीत कुमार, तहसीलदार परमेश्वरी लाल आंदोलनरत अध्यक्ष और समर्थकों से वार्ता करने पालिका परिसर पहुंचे। यहां सभी अधिकारी पालिका के अधिशासी अधिकारी सरिता राणा के कक्ष में चले गए।

दो घंटे तक भी धरना स्थल पर एसडीएम समेत किसी भी प्रशासनिक अधिकारी के नहीं पहुंचने पर पालिका अध्यक्ष हरीश दुबे और समर्थकों का पारा चढ़ गया। तभी पालिका अध्यक्ष हरीश दुबे के नेतृत्व में उनके समर्थकों ने नगरपालिका के मेन गेट पर तालाबंदी कर दी। इस दौरान ईओ कक्ष के भीतर एसडीएम, तहसीलदार और सीओ मौजूद थे।

पालिका अध्यक्ष हरीश दुबे ने कहा कि जब तक एसडीएम उनकी मांगों को नहीं मान लेतीं, वे ताला नहीं खोलेंगे। देर शाम को एसडीएम को किसी तरह पुलिस ने पीछे के रास्ते बाहर निकाला। खबर लिखे जाने तक किसी भी बिंदु पर सहमति नहीं बनने से अन्य अधिकारी पालिका के अंदर ही मौजूद थे। घटना के बाद बड़ी संख्या में पालिका परिसर के बाहर पुलिस फोर्स पहुंच गई, अलबत्ता घटना के पटाक्षेप को लेकर अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई है।

संबंधित समाचार