बाराबंकी में बुजुर्ग महिला से SDM ने खरीदी सब्जी.. पूछा हालचाल, इस कदम की स्थानीय कर रहे सराहना
बाराबंकी, अमृत विचार। उपजिलाधिकारी हैदरगढ़ राजेश विश्वकर्मा ने बुधवार को अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क किनारे सब्जी बेच रही 80 वर्षीय वृद्धा का हालचाल लिया और उसकी सब्जी भी खरीदी। यह घटना उस समय हुई जब एसडीएम राजेश विश्वकर्मा प्लास्टिक पन्नी विरोधी अभियान के तहत राजस्व और नगर पंचायत कर्मचारियों के साथ नगर भ्रमण पर निकले थे।
लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर इंडियन ओवरसीज बैंक के सामने उनकी नजर वृद्धा पर पड़ी। उन्होंने महिला से उसके और परिवार का हाल-चाल पूछा। महिला ने बताया कि वह अकेली है और सब्जी बेचकर ही अपना पेट पालती हैं। एसडीएम ने 5 किलो आलू और 1 किलो सोवा मेथी का साग खरीदा। उन्होंने 165 रुपये के बदले 200 रुपये दिए और वृद्धा को मिठाई के लिए अतिरिक्त 100 रुपये भी दिए।
इसके साथ ही उन्होंने महिला से मतदान के महत्व और मताधिकार के उपयोग की जानकारी भी साझा की। वृद्धा ने बताया कि वह हर चुनाव में मतदान अवश्य करती हैं। उपजिलाधिकारी ने वृद्धा से किसी भी समस्या की स्थिति में सीधे संपर्क करने की बात कही। इस संवेदनशील कदम की नगरवासियों ने सराहना की और इसे स्थानीय प्रशासन के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
