गोवा हादसे के बाद लखनऊ में फायर सेफ्टी जांच : बिना सेफ्टी उपकरणों के चल रहे क्लब, कई में फायर एग्जिट बंद

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: गोवा के नाइट क्लब में अग्निकांड के बाद लखनऊ में रविवार को अग्निशमन, आबकारी और पुलिस ने रविवार को जांच शुरू की। संयुक्त् टीम ने राजधानी के क्लब, बार और रेस्टोरेंट की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। आधे से अधिक स्थलों पर फायर सेफ्टी के उपकरण नहीं मिले। कुछ स्थानों पर खराब हालत में थे। वहीं, कई जगह फायर एग्जिट नहीं थे। जहां मिले वहां सामानों से अवरूद्ध कर दिया गया था।

निरीक्षण के दौरान टीमों ने पाया कि कई क्लबों में साउंडप्रूफिंग के लिए खिड़कियां तक बंद कर दी गई हैं, जिससे आग लगने की स्थिति में धुआं बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं रहता। विशेषज्ञों के अनुसार यह अत्यंत खतरनाक स्थिति है। जो किसी भी दुर्घटना को बड़ा रूप दे सकती है।

जिला आबकारी अधिकारी और मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने थाना विभूतिखंड स्थित समिट बिल्डिंग और रोहतास प्रेसिडेंशियल के रेस्टोरेंट बार का निरीक्षण किया। यहां अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र, बार लाइसेंस और अन्य अनिवार्य दस्तावेजों की जांच की गई। कई जगह फायर उपकरण क्रियाशील नहीं पाए गए।

अधिकारियों ने बार संचालकों को निर्देश दिए कि सभी उपकरणों को दुरुस्त रखें और फायर एग्जिट हमेशा खाली रखें। उधर, हजरतगंज अग्निशमन अधिकारी ने दा चेरी ट्री, फोशो और चरण प्लाज़ा में फायर सिस्टम की जांच की। स्टाफ से उपकरण चलवाए तो उन्हें आते नहीं थे। ऐसे में टीम ने मौजूद स्टाफ को मौके पर ही सुरक्षा प्रशिक्षण भी दिया।

चिह्नित क्लबों को जारी होगी नोटिस

मुख्य अग्निशमन अधिकारी(सीएफओ) अंकुश मित्तल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पचास प्रतिशत क्लबों में गंभीर कमियां मिली हैं। उन्हें चिह्नित कर नोटिस जारी किए जाएंगे और नियमों का पालन न करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उधर, प्रशासन का कहना है कि राजधानी के सभी बार, क्लब और रेस्टोरेंट में यह अभियान जारी रहेगा ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।

सीएफओ ने बताया कि रविवार को 35 से ज्यादा क्लबों की जांच की गई है। अलग-अलग फायर स्टेशन से टीम निकली थी। वह खुद भी समिट बिल्डिंग पहुंचे तो उन्हें बहुत खामियां मिली है। चार से पांच दिन तक लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। उसके बाद विस्तृत नोटिस जारी कर उनके साथ-साथ संबंधित विभागों को भी जानकारी दी जाएगी। ताकि लाइसेंस कैंसिल हो सके। लुलु माल और मिलेनियम पैलेस बिल्डिंग के रेस्टोरेंट बार का भी निरीक्षण किया गया। यहां भी फायर दस्तावेजों और सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई।

ये भी पढ़े : 
किसानों को नहीं होगी खाद की दिक्कत: फसलों में टॉप ड्रेसिंग से बढ़ी यूरिया की मांग, गेहूं और सरसों में छिड़काव

कार्यालय संवाददाता

संबंधित समाचार