मुख्यमंत्री योगी कल बरेली में, किसानों को करेंगे संबोधित
बरेली,अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बरेली आ रहे हैं। मुख्यमंत्री तीसरी बार बरेली आएंगे। वह भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र के दोहना के पास एल्डेको सिटी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 900 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इससे पहले 30 मिनट तक किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से …
बरेली,अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बरेली आ रहे हैं। मुख्यमंत्री तीसरी बार बरेली आएंगे। वह भोजीपुरा विधानसभा क्षेत्र के दोहना के पास एल्डेको सिटी मैदान में आयोजित कार्यक्रम में 900 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इससे पहले 30 मिनट तक किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री कार्यालय से बुधवार को जारी कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री लखनऊ से राजकीय वायुयान से पूर्वाह्न 11:40 बजे एयरफोर्स हेलीपैड पहुंचेंगे फिर सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल जाएंगे। दोपहर 12 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। दोपहर 1 बजे तक लोकार्पण-शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे और किसान सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। दोपहर 1:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर सीएम मंडल के सांसदों और विधायकों के साथ भोजन करेंगे। दोपहर 3 बजे तक मंडल के सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और क्षेत्रीय महामंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 3:15 बजे कार्यक्रम स्थल से एयरफोर्स हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। 3 बजकर 20 मिनट पर मुख्यमंत्री लखनऊ के लिये वायुयान से रवाना हो जाएंगे। इधर, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना पूर्वाह्न 11:30 बजे सर्किट हाउस पहुंचकर सीधे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात रहेंगे 800 पुलिसकर्मी
भोजीपुरा में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की किसान सभा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए एयरफोर्स गेट से भोजीपुरा तक 800 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये सुबह से ही तैनात हो जाएंगे और कार्यक्रम की समाप्ति तक तैनात रहेंगे। साथ ही महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।बाहर के जिलों से पुलिस फोर्स मंगाई गई है। एयरफोर्स स्टेशन से कार्यक्रम स्थल तक 800 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है जिसमें छह एडिशनल एसपी, 13 सीओ, 50 इंस्पेक्टर, 80 दरोगा और 641 सिपाहियों को तैनात किया गया है। एयरफोर्स से कार्यक्रम स्थल तक पड़ने वाले रास्तों को बैरियर लगाकर बंद किया गया है। कई नेताओं और खुराफातियों के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है। वहीं, खुफिया विभाग भी कई लोगों पर नजर बनाए हुए है।
मुख्यमंत्री के दौरे के चलते 10 घंटे का रूट डायवर्जन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के चलते ट्रैफिक पुलिस ने 10 घंटे का रूट डायवर्जन किया है। रूट डायवर्जन सुबह 8 से शाम 5 बजे तक लागू रहेगा। नैनीताल रोड से वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। बहेड़ी व नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन पीलीभीत रोड होकर जा सकेंगे। ऐसे में घर से निकलते वक्त रूट डायवर्जन का ध्यान रखें ताकि रास्ते में दिक्कत न हो।
यह रूट डायवर्जन लागू
– लखनऊ और बरेली से बहेड़ी व नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन पीलीभीत रोड से हाफिजगंज, सेंथल से जादौंपुर होकर जाएंगे।
– नैनीताल और बहेड़ी से बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, बदायूं की ओर आने वाले वाहन जादौपुर, सेंथल, हाफिजगंज होकर आएंगे।
– मीरगंज और रामपुर से बहेड़ी और नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन धनेटा फाटक, शाही से शेरगढ़ होकर जाएंगे।
– बहेड़ी और नैनीताल से फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज और रामपुर की ओर जाने वाले वाहन शेरगढ़, शाही व धनेटा होकर आएंगे।
– बदायूं की ओर से लखनऊ, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बहेड़ी और नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन रामगंगा तिराहा से बुखारा मोड़ से फरीदपुर होकर जाएंगे।
एक लाख वर्ग मीटर से अधिक भूमि पर सजाया पंडाल
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये एक लाख वर्ग मीटर से अधिक भूमि पर पंडाल सजाया गया है। पंडाल दो तरह का बनाया गया है। हालांकि, पर्दे भगवा रंग के ही लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री के मंच समेत वीआईपी गैलरी तक का एरिया समेटते हुए सिल्वर की मोटी चादर के गेटनुमा बने 10 एंगलों पर भगवा रंग के पर्दे से पंडाल सजाया गया है। आधे से ज्यादा पंडाल लोहे के पाइप पर खड़ा किया गया है। पंडाल में 10 हजार कुर्सियां लगेंगी। दो लोगों के बैठने वाले 500 सोफे भी डाले गये हैं। साथ ही वीआईपी लोगों के लिए भी 250 कुर्सियां अलग से लगाई जाएंगी। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ कार्यक्रम स्थल के पास ही बैठक करेंगे। दोपहर में भोज करने का कार्यक्रम भी पंडाल के पास ही होगा जिसमें 250 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। शहर के बड़े टेंट हाउस व्यवसायी गोपेश अग्रवाल ने अपनी देखरेख में कार्यक्रम स्थल के पंडाल को तैयार कराया है। उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री का मंच आठ फीट ऊंचा तैयार कराया गया है। इस पर सीएम समेत 50 वीआईपी के बैठने की व्यवस्था होगी। करीब 1800 वर्ग मीटर एरिया में मंच तैयार किया गया है। मंच के आगे 30 वर्गमीटर की गैलरी बनेगी। इसमें किसी को आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। करीब 15 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम होने की बात कही जा रही है।
केंद्रीय मंत्री ने लिया कार्यक्रम स्थल का जायजा
केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार ने बुधवार रात दोहना के पास एल्डेको सिटी मैदान में बनाए गए कार्यक्रम स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। केंद्रीय मंत्री ने मंच पर बैठने की व्यवस्था से लेकर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की भी जानकारी ली। अधिकारियों और भाजपा नेताओं को देर रात तक पंडाल तैयार करने के निर्देश दिये। मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता गुलशन आनंद, ललित अवस्थी, अनुपम कपूर, विपिन भाष्कर आदि भी मौजूद रहे।
मंडलायुक्त, डीआईजी व डीएम ने देखीं व्यवस्थाएं
बुधवार शाम मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद, डीआईजी राजेश कुमार पांडेय, जिलाधिकारी नितीश कुमार, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण, सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग समेत अन्य अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं देखने पहुंचे। अधिकारियों ने मंच पर बैठने और उसके क्षेत्रफल की जानकारी लेकर नियमानुसार तैयार कराने के निर्देश दिये। कार्यक्रम स्थल को पुलिस फोर्स ने सुरक्षा घेरे में ले लिया है। मंडल के सभी थानों से पुलिस कर्मी दिन में ही पहुंच गए थे। दोपहर बाद 3 बजे एसपी ग्रामीण संसार सिंह ने फोर्स की ब्रीफिंग की। पुलिस अधिकारियों से लेकर पुलिस कर्मियों को सतर्कता से निगरानी करने के निर्देश दिये।
स्वास्थ्य विभाग भी तैयारियों में जुटा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गुरुवार को आने शहर आने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। बुधवार को जिला अस्पताल से लेकर 300 बेड कोविड अस्पताल में अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे रहे। चिकित्सकों से लेकर पैरामेडिकल स्टाफ तक सभी को फुल ड्रेस में आने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग भी कोताही नहीं बरत रहा है। हालांकि, मुख्यमंत्री का किसी भी सीएचसी, पीएचसी या जिला अस्पताल का दौरा तय नहीं है, फिर भी जिले में उनकी मौजूदगी को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा बुधवार देर रात तक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा रहा। जिला अस्पताल में साफ सफाई की जा रही है। अफसरों ने बुखार वाले वार्ड पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए हैं। इतना ही नहीं सभी चिकित्सकों, नर्सो, पैरामेडिकल स्टाफ को फुल ड्रेस में आने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। वार्ड में बेडों की चादरों को भी बदल दिया गया है। प्रत्येक मरीज के बेड के किनारे उसका नाम, बीमारी और क्या उपचार चल रहा है आदि जानकारी भी तख्ती पर लिखकर लटका दी गई है।
