इथियोपिया के सर्वोच्च सम्मान 'ग्रेट ऑनर निशान' से नवाजे गए PM मोदी, सीएम योगी ने दी बधाई
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान मिलने के बाद बुधवार को उनके नेतृत्व की सराहना की। आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में, भारत की आवाज, मूल्य और सभ्यतागत लोकाचार वैश्विक सम्मान अर्जित कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, "इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान 'द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया' मिलना भारत-इथियोपिया संबंधों को मजबूत बनाने में मोदी की राजनेता वाली सोच को दर्शाता है।”
https://twitter.com/myogiadityanath/status/2001110580418294049?s=20
उन्होंने कहा कि इस सम्मान को भारत के 1.4 अरब देशवासियों को समर्पित करके प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर दिखाया है कि उनका नेतृत्व विनम्रता, सद्भाव और 'वसुधैव कुटुंबकम' की भावना में निहित है।” इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च सम्मान 'द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया' प्रदान किया। अदीस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित एक विशेष समारोह में मोदी को यह सम्मान दिया गया।
PM को इथियोपिया का सम्मान, भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिया जाना वैश्विक कूटनीति में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है और यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। मोदी को बधाई देते हुए शाह ने कहा कि किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री को दिया गया यह 28वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान वैश्विक मंच पर प्रधानमंत्री के नेतृत्व और राजनयिक कौशल की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान को रेखांकित करता है।
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए जाने पर हार्दिक बधाई। यह उनके नेतृत्व में वैश्विक कूटनीति के क्षेत्र में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।” उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत और इथियोपिया के बीच मित्रता में एक मील का पत्थर होगा।
