Bareilly : सीजन का सबसे ठंडा रहा दिन...लगातार तीसरे दिन भी दृश्यता शून्य
बरेली, अमृत विचार। जिले में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दो दिन से लगातार घने कोहरे की वजह से दृश्यता मंगलवार और फिर बुधवार को भी शून्य रिकॉर्ड की गई। वहीं अधिकतम तापमान उल्लेखनीय गिरावट के साथ सामान्य से 6.1 डिग्री सेल्सियस कम 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस सीजन में सबसे कम रहा है। दिन का तापमान रात के करीब पहुंच गया है। प्रदेश में बहराइच के बाद बरेली में दिन सबसे ठंडा रहा। कोहरे की वजह से सड़क, रेल और हवाई यातायात के साथ कूच बिहार ट्राफी का मैच भी प्रभावित हुआ।
मंगलवार को दिन में धूप न के बराबर निकलने से लोग कांपते रहे और जरूरत पर ही घर से बाहर निकले। शाम 4 बजे के बाद फिर से धुंध छा गई। मौसम विभाग ने 17 दिसंबर को घने कोहरे का ओरेंज और गुरुवार और शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी किया है। ठंड और कोहरे के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। कोहरे की वजह से यातायात पूरी तरह से प्रभावित रहा। दिन में भी चालक वाहनों की लाइटें जला कर चल रहे थे।
रविवार देर रात से घना कोहरा पड़ना शुरू हुआ था जो सोमवार को दोपहर 12 बजे तक जारी रहा। इसके बाद सोमवार रात 9 बजे के बाद से ही घना कोहरा पड़ने लगा जो मंगलवार दोपहर तक जारी रहा। दोपहर में हल्की धूप खिली लेकिन यह नाकाफी रही और फिर रात से कोहरा पड़ना शुरू हो गया।
जिले के अधिकतम तापमान में दो दिन में उल्लेखनीय गिरावट हुई है। दो दिन पहले 14 दिसंबर को अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, इसके बाद सोमवार को 19.1 और मंगलवार को 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है और यह 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बरेली एयरफोर्स पर दृश्यता शून्य और जिले में 30 मीटर रिकॉर्ड की गई। रात से ही चली ठंडी हवाओं और अधिक नमी के कारण पूरे दिन सर्दी का अहसास रहा।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डाॅ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार सुबह के समय सापेक्षिक आर्द्रता 97 प्रतिशत तक पहुंची, जिससे कोहरा और धुंध छाया। शाम को मौसम में नमी 91 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके कारण शून्य दृश्यता होने के हालात से सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। वहीं ठंड बढ़ने से बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता रखने की जरूरत बताई गई है। अलाव और गर्म कपड़ों की व्यवस्था न होने पर ठंड का असर आमजन के लिए और भी परेशानी बढ़ा सकता है।
एक साथ कई विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से बढ़ी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार एक साथ कई विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से प्रदेश में ठंड और कोहरे का असर दिख रहा है। एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और आसपास के इलाकों में सक्रिय है और उससे सटे जम्मू के ऊपर एक वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण के तौर ट्रफ पर दिख रहा है। इसके अलावा एक मध्य टोपोस्फेरिक स्तर पर एक ट्रफ है। एक और पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडलीय पछुआ हवाओं में एक के तौर ट्रफ पर बना हुआ है और ऊपर के पश्चिमी विक्षोभ से मिल गया है। उपोष्णकटिवंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम उत्तर पश्चिम भारत में बनी हुई है। एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 17 दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।
