Moradabad: हवाओं ने बढ़ाई गलन, सर्दी से जनजीवन प्रभावित घने कोहरे के बाद छाए रहे बादल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार को मौसम का मिजाज और सर्द हो गया। दिन भर सूरज के दर्शन नहीं हुए, जिससे लोग कड़ाके की ठंड में ठिठुर गए। सुबह के समय शहर और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को खासा सतर्क होकर चलना पड़ा। कई स्थानों पर सुबह के समय सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए लोग धीमी गति से वाहन चलाते नजर आए।

समय के साथ ठंडी हवा चलने से कोहरा तो धीरे-धीरे छंट गया, लेकिन बादल छाए रहे। बादलों की वजह से धूप नहीं निकली और पूरे दिन सूर्यदेव का दर्शन न होने से सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपाया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

तापमान में आई गिरावट के चलते ठंड का असर और ज्यादा महसूस किया गया। ठंड बढ़ने से जनजीवन भी प्रभावित नजर आया। महिलाओं का कहना है कि धूप न निकलने से कपड़े नहीं सूख पा रहे। इससे परेशानी और बढ़ गई है। सुबह के समय रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर लोग अलाव का सहारा लेते दिखे। बाजारों में भी सर्दी का असर साफ दिखाई दिया।

सुबह के समय दुकानों पर ग्राहकों की संख्या कम रही, हालांकि दोपहर बाद हलचल कुछ बढ़ी। लोग गर्म कपड़ों, स्वेटर, जैकेट और ऊनी वस्त्रों की खरीदारी करते नजर आए। ठंड के कारण खासकर बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिला अस्पताल में डॉ. मनोज यादव का कहना है कि इस मौसम में सर्दी, खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और ठंड से बचाव करने की सलाह दी जा रही है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत के आसार कम हैं। सुबह और रात के समय कोहरा बने रहने की संभावना है, जबकि दिन में बादल छाए रह सकते हैं। ठंडी हवा के चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है। अपील की गई है कि वे जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और ठंड से बचाव के सभी उपाय अपनाएं।

संबंधित समाचार