बाराबंकी की बेटी पूजा पाल बनी राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक, राष्ट्रपति से मिला प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में सिरौली गौसपुर तहसील क्षेत्र अंतर्गत डलई पुरवा गांव की निवासी छात्रा पूजा पाल को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए यह प्रतिष्ठित सम्मान आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया। पूजा पाल की यह प्रेरक यात्रा इंस्पायर अवार्ड मानक की जिला एवं मण्डलीय प्रतियोगिता से शुरू होकर राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर तक पहुँची।

उच्च प्राथमिक विद्यालय अगेहरा में कक्षा 8 में पढ़ते हुए पूजा ने विपरीत परिस्थितियों में भूसा-धूल पृथक्करण यंत्र का निर्माण किया। उसकी वैज्ञानिक सोच को गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव ने पहचाना और उसे निरंतर मार्गदर्शन दिया। मण्डलीय स्तर पर सफलता के बाद पूजा ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश से चयनित 10 प्रतिभागियों में स्थान बनाया।

इसके बाद अक्टूबर 2023 में राष्ट्रीय स्तर की इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता में वह विजयी रही, जहाँ उसे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। जनवरी 2024 में IRIS नेशनल फेयर में भी पूजा को देशभर से चुने गए 100 प्रतिभागियों में स्थान मिला। यहीं से उसकी प्रतिभा राष्ट्रीय पहचान की ओर अग्रसर हुई। वर्तमान में पूजा फतेहचंद जगदीश राय इंटर कॉलेज सफदरगंज में कक्षा 12 की छात्रा हैं

दिहाड़ी मजदूर पुत्ती लाल और प्राथमिक विद्यालय अगेहरा में 2000 रुपये मानदेय पर कार्यरत रसोईया सुनीला की पुत्री पूजा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने जज़्बे और मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव के कुशल मार्गदर्शन में पूजा की लगन और समाज के लिए कुछ कर गुजरने की भावना ने उसे लगातार आगे बढ़ाया। पूजा की उपलब्धियों को देखते हुए उसके गाइड शिक्षक ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए आवेदन किया। पूरे देश से चयनित 20 बच्चों में पूजा का नाम शामिल होते ही शिक्षक और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह के बाद भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी 20 पुरस्कार विजेता बच्चों से मुलाकात की और उनकी उपलब्धियों पर संवाद किया। प्रधानमंत्री ने बच्चों को देश के भविष्य का प्रेरणास्रोत बताते हुए संबोधित भी किया।

गाइड शिक्षक राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज के सहयोग से उन्हें पुलिस एस्कॉर्ट के साथ लखनऊ एयरपोर्ट तक पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा मिले इस सम्मान से बच्चों और शिक्षकों का हौसला कई गुना बढ़ जाता है। पूजा ने बताया कि नई दिल्ली पहुंचने पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया और उन्हें होटल अशोका ले जाया गया। वहाँ मंत्रालय की ओर से स्वागत-सत्कार के साथ रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया।


ये भी पढ़े : 
E-library में विविध विषयों के जानकार बनेंगे माध्यमिक छात्र: पाठ्यक्रम से इतर मिलेगी जानकारी, गैर शैक्षणिक पुस्तकें होंगी उपलब्ध

 

संबंधित समाचार