बरेली: आवक बढ़ी तो घटे आलू के दाम, अभी और गिरने के आसार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। करीब चार महीने से रसोई का बजट बिगाड़ रहे सब्जियों का राजा आलू समेत अन्य सब्जियों के दामों में तेजी से कमी आ रही है। 50 रुपये किलो बिकने वाला आलू अब 20 रुपये बिक रहा है। प्याज, टमाटर समेत अन्य सब्जियों के फुटकर दामों में भी इस महीने करीब 30 रुपये …

अमृत विचार, बरेली। करीब चार महीने से रसोई का बजट बिगाड़ रहे सब्जियों का राजा आलू समेत अन्य सब्जियों के दामों में तेजी से कमी आ रही है। 50 रुपये किलो बिकने वाला आलू अब 20 रुपये बिक रहा है। प्याज, टमाटर समेत अन्य सब्जियों के फुटकर दामों में भी इस महीने करीब 30 रुपये किलो तक की कमी आई है। मंडी से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि खपत के मुकाबले आवक ज्यादा होने के कारण कीमतों में कमी हुई है। इससे जहां आमजन ने काफी राहत महसूस की है। वहीं, आने वाले दिनों में कीमतें और गिरने का अनुमान लगाया जा रहा है।

बता दें, लॉकडाउन के दौरान सब्जियां काफी सस्ते दामों में बिकीं थी। शहर की गलियों और गांव-गांव जाकर सब्जियों की सप्लाई मुहैया कराई गई थी। इस दौरान प्रशासन भी सख्त था, लेकिन बाद में छूट मिलने पर बाजार खुलते ही आलू, प्याज समेत अन्य सब्जियों के दामों में बढ़ोत्तरी शुरू हो गई। 10 रुपये किलो मिलने वाला आलू 50 रुपये तक पहुंच गया। टमाटर और प्याज भी 60 से 70 रुपये किलो थे। हरी मटर भी 65 रुपये प्रति किलो तक बिक रही थी। हालांकि अब आलू समेत अन्य सब्जियों की आवक बढ़ने से दामों में काफी गिरावट देखी जा रही है। सब्जी के थोक विक्रेताओं का कहना है कि स्थानीय आलू और टामटर की मंडी में भरपूर आवक हो रही है। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र से प्याज की आवक भी बढ़ गई है। अन्य सब्जियों का भी यही हाल है। इसलिए आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम अभी और गिरने के आसार हैं।

सहालग खत्म होने से भी भाव पर पड़ा फर्क

जानकारों की मानें तो नवबंर के अंत से ही आलू, प्याज, टमाटर, गोभी, मटर समेत अन्य सब्जियों के दाम में गिरावट होनी थी, लेकिन इस दौरान सहालग आने से इनकी मांग में इजाफा हो गया। इसी के साथ समय से स्थानीय आलू, टमाटर आदि सब्जियों की मंडी में पर्याप्त आवक भी शुरू नहीं हो सकी। सहालग के कारण खपत ज्यादा रही और इसके मुकाबले आवक नहीं हो सकी। अब सहालग भी लगभग खत्म हो गई है। इससे मांग में एक साथ बड़ी कमी आई और अब आवक बढ़ने पर कीमतों में तेजी से गिरावट शुरू हो गई है।

17 दिन पहले और अब सब्जियों के दाम (रुपये प्रतिकिलो)

सब्जी पहले- अब
आलू 40 से 50-15 से 20
प्याज 50 से 60-25 से 30
टमाटर 50 से 55-20 से 30
मटर 60 से 70-35 से 40
शिमला 40 से 50-25 से 30
गाजर 15 से 20-08 से 10
गोभी 10 से 15-05 से 10

आलू, प्याज और टमाटर समेत अन्य सब्जियों के दामों में अभी और कमी आएगी। पिछले चार महीनों से कीमतों के आसमान पर रहने की वजह से मांग के अनुरूप मंडी में सब्जियों की आवक न होना था। मनोज, सब्जी विक्रेता

पिछले साल आलू का अच्छा उत्पादन नहीं हुआ था। इस कारण कीमतें ज्यादा रहीं। इस बार स्थानीय आलू का उत्पादन बढ़ने से आवक बढ़ी हैं। इसलिए दामों में भी गिरावट है। अभी दाम और भी कम हो सकते हैं। आबिद रजा, आढ़ती

संबंधित समाचार