Moradabad: जब प्रदेश में सपा की सरकार बनी तब युवाओं को दी प्राथमिकता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड महानगर की बैठक मंगलवार को यूथ ब्रिगेड के महानगर कैंप कार्यालय पर हुई। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान कई युवाओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता धर्मेंद्र यादव ने कहा कि नौजवान समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और वही भविष्य के नेता हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हमेशा युवाओं को सम्मान दिया है और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए हैं। जब भी प्रदेश में सपा की सरकार बनी है, युवाओं के हितों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं और गांव-गांव जाकर गरीबों व नौजवानों की समस्याओं को उठाएं। साथ ही मौजूदा सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करें। 

महानगर अध्यक्ष रजिउद्दीन खान ने कहा कि मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड युवाओं को समाजवादी पार्टी से जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में पीडीए के नायक अखिलेश यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सपा की सरकार बनेगी और उत्तर प्रदेश में खुशहाली आएगी। इस दौरान यूथ ब्रिगेड महानगर की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया। नए पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र वितरित किए गए। बैठक में लुकमान खान, फैजी खान, मीम फैसल, शानू अली, मो. रेहान, सचिन श्रीवास्तव, हर्ष यादव,राहुल कुमार,दानिश खान,जकी खान,समीर अहमद,राशिद अली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार