गणतंत्र दिवस से पहले चमकेंगे परिषदीय विद्यालय, ऑपरेशन कायाकल्प के तहत शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने पर जोर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

साफ-सफाई, गाइड-बायडिंग व अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश

लखनऊ, अमृत विचार : परिषदीय विद्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी द्वारा जारी आदेश के अनुसार गणतंत्र दिवस से पहले विद्यालय परिसरों में साफ-सफाई, गाइड-बायडिंग कार्य और मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं को सुदृढ़ करना अनिवार्य होगा।

निर्देशों के अनुसार गणतंत्र दिवस के अवसर पर विद्यालयों में राष्ट्रीय पर्व को गरिमामय ढंग से मनाने के लिए परिसर को पूरी तरह स्वच्छ व सुरक्षित रखा जाएगा। इसके तहत विद्यालय भवन, कक्षाएं, कार्यालय कक्ष, बरामदे, शौचालय, पेयजल स्थल, रसोईघर समेत सभी स्थानों की नियमित और व्यापक सफाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही परिसर में फैले कचरे और अपशिष्ट पदार्थों के समुचित निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।

क्षतिग्रस्त भवनों को दुरुस्त कराने के निर्देश

जिन विद्यालयों में भवन या अन्य सुविधाएं क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। विशेष रूप से कार्यशील शौचालय, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था और आवश्यक मरम्मत कार्य समय से पूरे कराने पर जोर दिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

ऑपरेशन कायाकल्प के 19 बिंदुओं का शत-प्रतिशत पालन

ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत निर्धारित 19 बिंदुओं पर मूलभूत अवस्थापना सुविधाओं के शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण के निर्देश भी दिए गए हैं। जिन विद्यालयों में यह कार्य अधूरे हैं, वहां 26 जनवरी से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे कराने को कहा गया है।

निर्देशों के अनुपालन की निगरानी जिला स्तर पर की जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों की नियमित समीक्षा और प्रगति की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हमारा उद्देश्य है कि विद्यालय केवल पठन-पाठन तक सीमित न रहें, बल्कि स्वच्छता, सुरक्षा और अनुशासन के आदर्श उदाहरण बनें।

— मोनिका रानी, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा

 

संबंधित समाचार