Lucknow News: 8 और 9 जनवरी को खुलेगी अटल नगर के फ्लैटों की लॉटरी, यहां होगा लॉटरी ड्रा का कार्यक्रम
देवपुर पारा में 1 बीएचके के 1832 व 2 बीएचके के 664 फ्लैट
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण के देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना के भवनों की लॉटरी 8 व 9 जनवरी को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में होगी। आवेदकों की उपस्थिति में ड्रा की पर्चियां निकाली जाएंगी।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि देवपुर पारा में अटल नगर आवासीय योजना में 12 से 19 मंजिल के 15 टावरों में 2,496 फ्लैट्स हैं। इसमें 1,832 भवन 1 बीएचके और 664 भवन 2 बीएचके हैं। ये भवन 30 वर्गमीटर से लेकर 54.95 वर्गमीटर क्षेत्रफल के हैं। इनकी कीमत 9.82 लाख रुपये से शुरू है। 4 से 2 दिसम्बर तक ऑनलाइन पंजीकरण खोला गया था जिसमें 5,781 लोगों ने पंजीकरण कराया है। 8 व 9 जनवरी को लगी ड्रा कराकर भवनों का आवंटन किया जाएगा। लॉटरी की पूरी प्रक्रिया का यू-ट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शारदा नगर विस्तार में बनाए गए 2256 भवनों का पूर्व में लॉटरी से आवंटन किया गया था। इनमें रिफंड से खाली हुए 185 भवनों का पुनः लॉटरी से आवंटन किया जाएगा। इसके लिए 1 से 31 जनवरी के मध्य ऑनलाइन पंजीकरण खोला जा रहा है। एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से पांच हजार रुपये पंजीकरण शुल्क जमा कराकर रजिस्ट्रेशन कराया जा सकेगा। पंजीकरण पुस्तिका प्राधिकरण की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गयी है।
