Moradabad: खेती व पशुओं पर पड़ रहा ठंड का असर, शीतलहर से अस्त-व्यस्त जनजीवन
ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। क्षेत्र में जारी शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। कड़ाके की ठंड के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। सुबह और रात के समय कोहरा छाए रहने से सड़कों पर आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शीतलहर का असर खेती-किसानी के साथ-साथ दुधारू पशुओं पर भी दिखाई दे रहा है। ठंड और पाले के कारण आलू, सरसों, गेहूं सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसान फसलों को बचाने के लिए रात में सिंचाई और धुआं करने जैसे उपाय कर रहे हैं। पशु भी ठंड से प्रभावित हैं। खासकर दुधारू पशु कम दूध दे रहे हैं। शीतलहर से पशुओं को बचाने के लिए पशुपालक उपाय कर रहे हैं।
घने कोहरे के चलते कई स्थानों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही, जिससे मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति भी बनी। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और हीटर का सहारा ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से जरूरतमंदों के लिए अलाव की व्यवस्था कराई जा रही है, लेकिन बढ़ती ठंड को देखते हुए लोगों ने और इंतजाम किए जाने की मांग की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, जिससे शीतलहर का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।
