Bareilly : सिटी बसों का किराया आज से हुआ आधा...पांच रुपये में कर सकेंगे सफर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। नये वर्ष में शहरवासियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। एक जनवरी से यात्रियों से सिटी बसों में भी ऑटो और ई-रिक्शा के बराबर किराया लिया जाएगा। मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड की बोर्ड बैठक में बसों के किराये में कमी को औपचारिक मंजूरी दे दी गई।

अधिकारियों के अनुसार, पहले बसों का किराया अधिक होने के कारण लोग ऑटो और ई-रिक्शा का अधिक उपयोग कर रहे थे। जिस कारण ई-बसों में यात्रियों की संख्या कम रह गई थी और संचालन खर्चा पूरा करना चुनौतीपूर्ण बन गया था। अब यात्रियों से सिटी बसों में भी ऑटो और ई-रिक्शा के बराबर किराया लेने से सवारियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

शहर में वर्तमान में 25 इलेक्ट्रिक सिटी बसें चल रही हैं। सिटी बसों के मुकाबले ऑटो और ई-रिक्शा के कम किराये के कारण पर्याप्त सवारियां नहीं मिल रही थीं। इस समस्या को समझने के लिए बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के अधिकारियों ने दो महीने पहले व्यापक रूट सर्वे कराया। इस सर्वे में मुख्य कार्यकारी अधिकारी दीपक चौधरी और सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसिज लिमेटेड की प्रबंधक संचालन मैनेजर मनीषा दीक्षित के नेतृत्व में 32 अधिकारियों और कर्मचारियों ने पिकिंग प्वाइंट, रूट और यात्रियों की संख्या का अध्ययन किया। सर्वे में यह सामने आया था कि छोटी दूरी के लिए बस का किराया 12-20 रुपये था, जबकि ऑटो और ई-रिक्शा में वही दूरी 5-10 रुपये में पूरी हो जाती थी। इस अंतर के कारण ई-बसों में यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी। सर्वे के आधार पर बोर्ड ने बुधवार को प्रस्ताव पर सहमति दी और बसों का किराया संशोधित कर दिया गया।

नवीनतम किराया न्यूनतम 5 से अधिकतम 40 रुपये तक किया गया। अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव से विशेष रूप से रोजाना यात्रा करने वाले विद्यार्थी, कर्मचारी और अन्य नियमित यात्री लाभान्वित होंगे। मैनेजर मनीषा दीक्षित का दावा है कि नए साल में इस कदम से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और शहर में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आएगा। इसके अलावा, आने वाले महीनों में यात्रियों की संख्या में वृद्धि होने की उम्मीद है। कहा कि ई-बसें बरेली के सार्वजनिक परिवहन का मुख्य स्तंभ बनेंगी। यह कदम सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और यात्रियों के लिए यात्रा को किफायती और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। बैठक में बीडीए वीसी मणिकन्डन ए. नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, आरटीओ प्रशासन पंकज सिंह, एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खान आदि मौजूद रहे।


किलोमीटर पहले अब किराया

0-3 12             5
3-6 20             10

6-10 25             15
10-14 30             20

14-19 35             25
19-24 40             30

24-30 45             35
30-36 50             40

 

संबंधित समाचार