UP: दूसरे समुदाय ने धार्मिक स्थल निर्माण का किया विरोध, प्रशासन ने काम रुकवाया तो फैला आक्रोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंडी धनौरा, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के गांव कैसरा में धार्मिक स्थल निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए।एसडीए, तहसीलदार और सीओ पांच थानों के पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। इससे ग्रामीणों में रोष फैल गया और वे धरने पर बैठ गए। गांव में भारी पुलिस बल के साथ पीएसी तैनात कर दी गई।

मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव कैसरा में मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। इस जमीन का मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है। मंदिर निर्माण का दूसरे समुदाय के लोगों ने विरोध किया और पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने हालात की गंभीरता को देखते हुए निर्माण कार्य बंद कराया। निर्माण रोके जाने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों में आक्रोश फैल गया। विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता भी गांव पहुंच गए। 

मंदिर स्थल के बाहर सड़क पर बैठकर रोष जताने लगे। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए अफसरों को सूचना दी गई तो एसडीएम विभा श्रीवास्तव, तहसीलदार मुसारम थारू और सीओ अंजलि कटारिया पांच थानों की पुलिस के साथ पहुंचे। एसडीएम और सीओ ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और संगठन के नेताओं से बातचीत की। काफी देर चली वार्ता के बाद प्रदर्शनकारियों को शांत कराया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जब तक कोर्ट से स्पष्ट आदेश और वैधानिक अनुमति नहीं मिलती, तब तक किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम विभा श्रीवास्तव ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती जारी रहेगी। उधर विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के प्रांत को रक्षा प्रमुख हेमंत सारस्वत जिला अध्यक्ष अशोक सैनी का कहना है कि गांव में मंदिर न होने से हिंदू समाज के लोगों को परेशानी हैं। जब दूसरे समाज के लोग अपने धार्मिक स्थल में जा सकते हैं तो हिंदू समाज के धार्मिक स्थल से आपत्ति क्यों।

 

संबंधित समाचार