पूर्व सांसद धनंजय सिंह और ब्लॉक प्रमुख पति के दर्ज होंगे बयान, पुलिस ने एलडीए से किया संपर्क
लखनऊ, अमृत विचार: अहिमामऊ स्वास्तिका सिटी में जमीन कब्जे के लिए दीवार खड़ी कर रास्ता कब्जाने के मामले में सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस पूर्व सांसद धनंजय सिंह और जौनपुर के ब्लाक प्रमुख पति विनय सिंह को नोटिस जारी करेगी। बयान होने के बाद ही पुलिस सोसाइटी के अन्य प्लाटों की भी पैमाइश पुलिस कराएगी। पुलिस ने कब्जेदारों के बारे में जानकारी करने के लिए एलडीए से भी संपर्क किया है। पुलिस पूर्व सांसद धनंजय सिंह की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपी विनय सिंह की काॅल डिटेल्स आने के बाद स्थिति और साफ हो पाएगी।
पुलिस ने ब्लाक प्रमुख पति विनय सिंह के गनर के बारे में भी जांच कर रही है। इस संबंध जौनपुर जिला प्रशासन और पुलिस को पत्राचार किया है। यह पुष्टि की जा रही है कि विनय सिंह जो गनर लेकर चल रहे थे वह उनकी पत्नी मांडवी सिंह का है या उन्हें मिला है। अगर पत्नी का गनर है तो उनके साथ क्यों था? अगर विनय सिंह को जारी हुआ तो किस कारण से? पुलिस सीसी फुटेज और वायरल वीडियो से बवाल के दौरान गनर की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर गनर की भूमिका मिली तो उसे निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल के आदेश के बाद पुलिस लगातार गश्त कर रही है। ताकि दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो सके। इसके साथ ही दीवार का निर्माण कार्य बंद है।
