Bareilly : धर्म परिवर्तन और निकाह के लिए उकसाने में 3 युवक दबोचे
दो किशोरियों के साथ मौजूद थे गैर समुदाय की युवती और तीन युवककिशोरियों के परिजनों ने हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ दबोचा
आंवला/बरेली, अमृत विचार। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को डॉ. अब्दुल कलाम पार्क के पास दूसरे समुदाय की युवती और तीन युवकों को दो हिंदू किशोरियों के साथ पकड़ा है। आरोप है कि दूसरे समुदाय की युवती अपने समुदाय के युवकों के साथ किशोरियों को धर्म परिवर्तन करके निकाह करने के लिए उकसा रही थी। सूचना मिलते ही किशोरियों के परिजन हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी और 17 वर्षीय भतीजी को दूसरे समुदाय की युवती बहला-फुसलाकर कस्बे के रेस्टोरेंट में ले गई थी। उसने वहां सिरौली कस्बे से बुलाए गए तीन युवकों से दोनों किशोरियों की मुलाकात कराई। आरोप है कि युवती और युवक, किशोरियों को धर्म परिवर्तन कर निकाह के लिए राजी करने की कोशिश कर रहे थे। इस संबंध में इंस्पेक्टर आंवला कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं की सूचना पर छह युवक-युवतियों को थाने लाया गया था। पूछताछ के बाद किशोरियों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
