सीटी स्कैन यूनिट : मशीन का ट्यूब खराब, नहीं हो सकी जांच

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

जांच के लिए सुबह ही तीन सौ बेड अस्पताल में पहुंच गए थे मरीज

बरेली, अमृत विचार। तीन सौ बेड अस्पताल में स्थापित सीटी स्कैन यूनिट में गुरुवार को मशीन में लगा इलेक्ट्रिक ट्यूब खराब हो गया। इसकी वजह से मरीजों की जांचें नहीं हो सकीं। उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।

दरअसल, सुबह 9 बजे यूनिट में तैनात कर्मचारियों ने मशीन को शुरू किया, मगर वह नहीं चली। काफी देर मशक्कत करने के बाद पता चला कि मशीन के ट्यूब में खराबी आ गई है। स्टाफ ने इसकी सूचना फौरन कंपनी को दी। यूनिट में तैनात कर्मचारी शमशुल के अनुसार, मशीन की समय-समय पर सर्विस भी कराई जा रही है, लेकिन ट्यूब खराब होने से जांच नहीं हो सकी। बताया कि जानकारी के अभाव में सुबह 11 बजे तक 10 से 12 मरीज जांच कराने के लिए यूनिट के बाहर इंतजार कर रहे थे। उन्हें सूचना दी गई कि मशीन में खराबी के चलते जांच नहीं हो सकेगी। मरीजों ने बताया कि अधिकांश लोग दूर-दराज क्षेत्रों से किराया खर्च करके आए हैं। इस पर स्टाफ ने उन्हें समझाकर शुक्रवार को जांच कराने के लिए आने को कहा।

पहले तार चोरी अब खराबी बनी संकट
बीते दिनों सीटी स्कैन यूनिट में लगे एसी कंप्रेशर के तार चोरी होने से भी मरीजों की जांचें प्रभावित हुई थीं, वहीं अब मशीन में खराबी के चलते मरीजों को त्वरित सुविधा का लाभ नहीं मिल पाया। हालांकि, कंपनी की ओर से लखनऊ से तकनीकी टीम भेज दी गई, जो कि देर शाम तक मशीन में आई खराबी को दुरुस्त करने के लिए जुटी रही।

मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण जांचें नहीं हो सकीं। हालांकि टीम मशीन दुरुस्त कर रही है। शुक्रवार से मरीजों को सुविधा का लाभ पूर्व की भांति मिलेगा। -डॉ. इंतजार हुसैन, प्रभारी सीएमएस, जिला महिला अस्पताल।

संबंधित समाचार