ट्रैफिक जाम से मुक्ति की योजना: पुलिस कमिश्नर की हाईलेवल मीटिंग, सभी विभागों से मिलकर बनेगा यातायात सुधार का ब्लू प्रिंट

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित करने के लिए पुलिस कमिश्नर ने शुक्रवार को अधिकारियों की बैठक ली। पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर ने यातायात पुलिस और नागरिक पुलिस को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए कि ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने और संबंधित विभागों के साथ मिलकर ब्लू प्रिंट तैयार करें। इसमें लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एलडीए, पीडब्ल्यूडी सहित सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए समयबद्ध और अवसर विशेष डायवर्जन प्लान व डायवर्जन मैप तैयार किए जाएं। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में अतिरिक्त पुलिस बल की स्थायी और मोबाइल ड्यूटी लगाई जाए। यातायात पुलिस को 10 अतिरिक्त रेसर मोबाइल और 42 उपनिरीक्षक दिए गए हैं।

रोड इंजीनियरिंग की खामियों को मिलकर करें दूर

पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर ने अधिकारियों से कहा कि सड़क सुधार के दृष्टिगत नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और एलडीए के साथ समन्वय कर रोड इंजीनियरिंग से जुड़ी खामियों को पहले ही दूर करने पर बल दिया गया है। इसके अलावा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के साथ बैठक कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास करें। पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सख्ती के संकेत दिए गए हैं। पार्किंग स्थलों पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि किसी एक मार्ग पर अनावश्यक दबाव न पड़े। नो-पार्किंग जोन में सख्त कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त क्रेन और टोइंग वाहनों की व्यवस्था करने को कहा है। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों में क्रेन के माध्यम से वाहनों को टो किए जाने की कार्रवाई के साथ-साथ उन अन्य मार्गों को भी चिह्नित करने को कहा गया है, जहां सड़क पर वाहन खड़े करने से जाम की स्थिति बनती है। ऐसे मार्गों पर भी क्रेन की तैनाती की जाएगी।

ट्रैफिक मार्शल नहीं तो अनुमति नहीं

कार्यक्रमों और आयोजनों को लेकर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अनुमति देने से पहले यातायात की सुगमता को प्राथमिकता दी जाएगी। आयोजकों को मार्ग और पार्किंग स्थल पर पर्याप्त संख्या में ट्रैफिक मार्शल तैनात करने होंगे। ट्रैफिक मार्शल की व्यवस्था न होने पर आयोजन की अनुमति निरस्त मानी जाएगी।

ग्रीन कॉरिडोर रोड का निरीक्षण कर खामियां दूर करें

पुलिस आयुक्त ने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर रोड तैयार होने के पहले ही एलडीए और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ ग्रीन कॉरिडोर मार्ग का निरीक्षण कर रोड इंजीनियरिंग की समीक्षा की जाए। संभावित यातायात चुनौतियों को चिन्हित कर उनके समाधान की कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि ग्रीन कॉरिडोर और उससे जुड़े मार्गों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े। साथ ही आमजन में यातायात नियमों के प्रति सिविक सेंस विकसित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाएं।

 

संबंधित समाचार